नूंह के पुन्हाना में संघ शताब्दी पर भव्य हिंदू महासभा का आयोजन, कलश यात्रा में बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल
संघ शताब्दी वर्ष के अवसर पर पुन्हाना में भव्य हिंदू महासभा का आयोजन किया गया.

Published : February 22, 2026 at 7:25 PM IST
नूंहः संघ शताब्दी के उपलक्ष्य में मेवात के पुनहाना शहर में रविवार को भव्य हिंदू महासभा का आयोजन किया गया. कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा. आयोजन के दौरान शहर में भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और श्रद्धालुओं ने भाग लिया.
भजन-कीर्तन के साथ वातावरण हुआ भक्तिमयः पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाएं सिर पर कलश धारण किए हुए भजन-कीर्तन के साथ आगे बढ़ रही थीं, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा. हिंदू महासभा में विभिन्न संत-महात्माओं और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया. मंच से संतों ने कहा कि देशभर में हिंदू महासभाओं का आयोजन किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य हिंदू समाज को एकजुट करना और सांस्कृतिक मूल्यों को सशक्त बनाना है. उन्होंने समाज में आपसी भाईचारा, संगठन और सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा देने पर जोर दिया.
आयोजन का उद्देश्य सामाजिक एकता को मजबूत करना : कार्यक्रम अध्यक्ष नरेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि "मेवात एक मुस्लिम बहुल जिला है, लेकिन यहां सभी धर्मों के लोग वर्षों से मिल-जुलकर रहते आए हैं. इस तरह के आयोजन का उद्देश्य किसी प्रकार का भेदभाव नहीं, बल्कि सांस्कृतिक जागरूकता और सामाजिक एकता को मजबूत करना है." सभा के दौरान राष्ट्रभक्ति गीत, भजन और सामाजिक एकता से जुड़े संदेशों ने उपस्थित लोगों में उत्साह भर दिया. सुरक्षा व्यवस्था के बीच कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ. आयोजन के अंत में समाज में सौहार्द और सहयोग की भावना बनाए रखने का आह्वान किया गया.
राष्ट्र एकता और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का लिया संकल्प: पूरे कार्यक्रम के दौरान भजन, देशभक्ति गीत और प्रेरणादायक वक्तव्यों ने लोगों में उत्साह भर दिया. सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ. कार्यक्रम के अंत में भारत माता की आरती की गई और उपस्थित लोगों ने राष्ट्र एकता और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया.

