कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में सजा चार दिवसीय भव्य फ्लावर फेस्टिवल, फूलों से बने हाथी-मोर हैं आकर्षण का केंद्र
न्यू दिल्ली म्यूनिसिपल कॉउंसिल की ओर से सेंट्रल पार्क में चार दिवसीय फ्लावर फेस्टिवल आज से शुरू,मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया उदघाटन

Published : March 3, 2026 at 4:52 PM IST
नई दिल्ली: न्यू दिल्ली म्यूनिसिपल कॉउंसिल (NDMC) की ओर से कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में चार दिवसीय फ्लावर फेस्टिवल आज से शुरू हो गया. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसका उदघाटन किया. रंग-बिरंगे फूलों, आकर्षक संरचनाओं और अनोखी थीम के साथ सजा यह उत्सव राजधानीवासियों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. उद्घाटन के बाद से ही यहां लोगों की भीड़ देखने को मिल रही है.
15 हजार से अधिक पौधे, 48 श्रेणियों में प्रदर्शन:
फेस्टिवल में करीब 15 हजार से अधिक पौधों को प्रदर्शित किया गया है. 48 अलग-अलग श्रेणियों में फूलों की विविध प्रजातियां जिनमें फोलिएज प्लांट्स, सब्जियों और फलों के पौधे, कैक्टस और सक्युलेंट्स हैं. पेटूनिया, डहेलिया, साल्विया, गेंदा और ट्यूलिप जैसे मौसमी फूलों ने पूरे पार्क को रंगों से भर दिया है. कुछ गमलों में ट्यूलिप भी प्रदर्शित किए गए हैं, हालांकि उनका मौसम अब खत्म हो रहा. बड़े-बड़े गमलों, हैंगिंग बास्केट, ट्रे गार्डन और कट फ्लावर सेक्शन ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया है.



आयोजन सच में सराहनीय कदम :
उपमा माथुर ने बताया कि “हम कनॉट प्लेस आए थे, तभी बोर्ड देखकर पता चला कि फ्लावर फेस्टिवल चल रहा है. अंदर आकर देखा तो मन प्रसन्न हो गया. इतने सुंदर साल्विया, डाहलिया और पेटूनिया मैंने पहले कभी नहीं देखे. यह आयोजन सच में सराहनीय है.”
फूलों के साथ जानकारी वाली प्लेट है अच्छी पहल
राजीव कुमार ने बताया कि “हम यहां से गुजर रहे थे और अचानक यह फ्लावर फेस्टिवल दिख गया. यहां हर फूल के साथ नेम प्लेट लगी है, जिससे नई जानकारी मिलती है. बच्चों के लिए यह शैक्षणिक और मनोरंजक भी है. तितली और मोर की आकृतियां बहुत आकर्षक लगीं. कैक्टस और सक्युलेंट्स का सेक्शन भी बेहद रोचक है. “अलग-अलग आकार और बनावट वाले पौधे देखकर लगता है कि प्रकृति कितनी विविध है.
ये भी पढ़ें :

