ETV Bharat / state

जीपीएम सर्राफा व्यापारी मर्डर कांड, तीन आरोपी गिरफ्तार, अहम खुलासे हुए

गौरेला पेंड्रा मरवाही में सर्राफा व्यापारी की हत्या केस में पुलिस को अहम सफलता मिली है. पढ़िए पूरी रिपोर्ट

GPM Bullion Trader Murder Case
जीपीएम सर्राफा कारोबारी मर्डर केस (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : June 2, 2026 at 10:42 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

गौरेला पेंड्रा मरवाही: कोटमीकला सर्राफा व्यापारी हत्याकांड का जीपीएम पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है. इस केस में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए देसी कट्टा और जिंदा कारतूस को भी बरामद किया है. आरोपियों के पास से लूटे गए जेवरात और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. बिलासपुर रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसका खुलासा किया है.

कब की थी घटना ?

26 मई 2026 को पेंड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोटमीकला साप्ताहिक हाट बाजार में सर्राफा व्यापारी प्रदीप सोनी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. वारदात के बाद आरोपी सोना-चांदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए थे. घटना ने पूरे जिले में सनसनी फैला दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच दल गठित कर तकनीकी साक्ष्यों, साइबर विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की सहायता से जांच शुरू की.

जीपीएम पुलिस को सफलता (ETV BHARAT)

जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर मुख्य आरोपी खुशीराम साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. पूछताछ में उसने अपने भतीजे राजाराम साहू तथा झारखंड और बिहार के कुछ साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया. पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी 23 मई को ही क्षेत्र में पहुंच गए थे और साप्ताहिक बाजारों में सर्राफा व्यापारियों की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे. उन्होंने पहले से ही लूट की योजना बनाई थी.

लूट के दौरान मारी गोली

पुलिस के अनुसार 26 मई की शाम करीब सात बजे आरोपियों ने प्रदीप सोनी से सोना-चांदी से भरा बैग लूटने का प्रयास किया. व्यापारी द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपियों ने छीना-झपटी के दौरान अवैध हथियार से गोली चला दी. गोली लगने से प्रदीप सोनी गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.वारदात के बाद आरोपी देवरीखुर्द क्षेत्र पहुंचे और लूटे गए आभूषणों का आपस में बंटवारा कर लिया.पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर टेकरी क्षेत्र बोदराटोला से घटना में प्रयुक्त देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस तथा लूटे गए आभूषणों का हिस्सा बरामद किया है. जांच में यह भी पता चला कि आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से आभूषणों की पैकिंग सामग्री और डिब्बों को जला दिया था.

GPM Bullion Trader Robbery and Murder Case
आरोपियों से बरामद जेवरात (ETV BHARAT)

इस केस में खुशीराम साहू, राजाराम साहू और गया प्रसाद रजक को गिरफ्तार किया है. वहीं झारखंड के रहने वाले अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है. पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. इस कार्रवाई में जिला पुलिस, साइबर सेल, बिलासपुर विशेष दल तथा विभिन्न पुलिस इकाइयों की महत्वपूर्ण भूमिका रही-रामगोपाल गर्ग, आईजी, बिलासपुर रेंज

पूरा घटना क्रम समझिए

26 मई की शाम कोटमी साप्ताहिक बाजार में पेंड्रा निवासी सर्राफा व्यापारी प्रदीप सोनी दुकान बंद कर घर लौटने के लिए अपनी कार की ओर जा रहे थे. इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने सोने-चांदी से भरे बैग को लूटने का प्रयास किया. बैग को लेकर हुई छीना-झपटी के बीच बदमाशों ने प्रदीप सोनी के सीने में गोली मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई.

मर्डर के बाद जीपीएम में हुए प्रदर्शन

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया. परिजन और स्थानीय लोगों ने जिला अस्पताल से शव लेकर पेंड्रा के दुर्गा चौक में चक्काजाम किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की. अगले दिन नगर बंद रहा तथा पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार किया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग देर रात घटनास्थल पहुंचे और विशेष जांच टीम गठित कर जांच शुरू कराई.

राजनेताओं ने सीबीआई जांच की मांग की

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों पर पहले 5 हजार और बाद में 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया. इस बीच कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव और अमित जोगी ने मामले की सीबीआई जांच की मांग उठाई. 31 मई को तिलोरा पंचायत के बोदराटोला जंगल से जले हुए आभूषणों के डिब्बे, पेच और अन्य सामग्री बरामद होने से पुलिस को अहम सुराग मिले. वहीं 1 जून को कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. इसी दिन मृतक के छोटे भाई के मोबाइल पर हत्या की जिम्मेदारी लेने वाला एक संदिग्ध संदेश भी पहुंचा, जिससे हड़कंप मच गया.आखिरकार पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से खुशीराम साहू, राजाराम साहू और गया प्रसाद रजक को गिरफ्तार कर लिया. इस केस में अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है.

मानसून से पहले एमसीबी में आकाशीय बिजली का कहर, एक मजदूर की मौत, 5 घायल

BSP के कथित ऑस्ट्रेलियन कोक हेराफेरी की जांच तेज, कोक का परीक्षण होना बाकी, बड़ा खुलासा होने की उम्मीद