छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को आधुनिक ट्रेनिंग और बेहतर संसाधन देगी सरकार: मुख्यमंत्री
खेल प्रतिभाओं को नया मंच देने के साथ-साथ सरकार उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सरकारी नौकरी का भी मौका देगी.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : July 1, 2026 at 7:46 AM IST
रायपुर: सीएम साय की अध्यक्षता में मंगलवार कों उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित करने के लिए गठित उच्चस्तरीय समिति की बैठक आयोजित हुई. बैठक में उपमुख्यमंत्री अरुण साव सहित समिति के सदस्यों ने साल 2018-19 एवं 2019-20 के लिए प्राप्त आवेदनों पर विचार-विमर्श किया. सभी पहलुओं की समीक्षा के बाद 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों का चयन किया गया, इनमें 20 अलग-अलग खेलों के खिलाड़ी शामिल हैं.
खेल प्रतिभाओं को मिलेगी आधुनिक ट्रेनिंग
बैठक में चयनित 156 खिलाड़ियों की सूची को सामान्य प्रशासन विभाग को भेजा जाएगा. सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा इसे अधिसूचित करने के बाद खिलाड़ियों को शासकीय सेवा में लेने के लिए आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ होगी. राज्य के खिलाड़ी लंबे समय से इस सूची की प्रतीक्षा कर रहे थे. मुख्यमंत्री श्री साय की अध्यक्षता में आज हुई उच्च स्तरीय बैठक के बाद खिलाड़ियों का यह इंतजार जल्द समाप्त हो जाएगा.
खेल प्रतिभाओं को मिलेंगे बेहतर संसाधन
बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए पारदर्शी, समयबद्ध और प्रोत्साहन आधारित व्यवस्था सुनिश्चित होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि चयनित उत्कृष्ट खिलाड़ियों को पात्रता के अनुरूप उन्हें शासकीय सेवा में नियुक्ति दिलाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया और व्यवस्था की जाएगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि इन खिलाड़ियों का अनुभव और उपलब्धियां प्रदेश की नई खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं, इसलिए उनकी सेवाओं का उपयोग खेल प्रशिक्षण, प्रतिभा संवर्धन और खिलाड़ियों के मार्गदर्शन में भी किया जाना चाहिए.
सरकार ने दोहराया अपना वादा
राज्य सरकार का उद्देश्य केवल खिलाड़ियों को सम्मानित करना नहीं, बल्कि ऐसी मजबूत खेल व्यवस्था विकसित करना है, जहां गांव से लेकर राज्य स्तर तक प्रतिभाओं की समय रहते पहचान हो, उन्हें आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर संसाधन और प्रतिस्पर्धात्मक अवसर उपलब्ध कराए जाएं.खेल गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा खेल प्रतिभाओं के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने पर विशेष जोर दिया.
सरकार का लक्ष्य उत्कृष्ट खिलाड़ी तैयार करना-सीएम
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेलों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है. खेल अधोसंरचना के विस्तार, आधुनिक सुविधाओं के विकास तथा नई खेल अकादमियों की स्थापना की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं. सरकार का लक्ष्य ऐसे उत्कृष्ट खिलाड़ी तैयार करना है जो राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ और देश का गौरव बढ़ाएं. उन्होंने कहा कि आज चयनित खिलाड़ी भविष्य में नई पीढ़ी के खिलाड़ियों को प्रशिक्षित कर प्रदेश में खेल संस्कृति को और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.
अब तक 182 उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित
बैठक जानकारी दी गई कि राज्य में अब तक 182 उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित किए जा चुके हैं. इसी क्रम में वर्ष 2018-19 एवं 2019-20 के लिए पूर्व में विज्ञापन जारी कर आवेदन आमंत्रित किए गए थे. प्राप्त आवेदनों के परीक्षण और निर्धारित मानकों के आधार पर 156 खिलाड़ियों को पात्र पाया गया.

