गोविंदपुरी डबल मर्डर केस: तीसरे दिन एनकाउंटर के बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी, मां-बेटे की चाकू मारकर की थी हत्या
गोविंदपुरी में मां-बेटे की डबल मर्डर मामले में दिल्ली पुलिस ने घटना के तीसरे दिन आरोपी का एनकाउंटर कर गिरफ्तार कर लिया है.


Published : May 23, 2026 at 1:02 PM IST
|Updated : May 23, 2026 at 1:17 PM IST
दिल्ली: दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में मां और बेटे की बेरहमी से हत्या के मामले में दिल्ली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. सनसनीखेज डबल मर्डर केस के तीसरे दिन पुलिस ने मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी. फिलहाल आरोपी का अस्पताल में इलाज चल रहा है और पुलिस पूरे मामले की गहराई से छानबीन कर रही है.
वारदात के बाद आरोपी था फरार
20 मई को दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के गोविंदपुरी थाना इलाके की गली नंबर-10 में मां और बेटे की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी. इस घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी. दक्षिण-पूर्वी जिले के डीसीपी डॉ. हेमंत तिवारी के मुताबिक, एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड को सूचना मिली थी कि डबल मर्डर का आरोपी गोविंदपुरी स्थित घाटी पार्क में मौजूद है. सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर विष्णु दत्त की निगरानी में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को सरेंडर करने के लिए कहा.
मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
पुलिस का दावा है कि आरोपी ने खुद को घिरता देख टीम पर करीब चार राउंड फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई. इसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान सौरभ के रूप में हुई है, जो संगम विहार का रहने वाला बताया जा रहा है. पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर हत्या की वजह और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाने में लगी है. डीसीपी डॉ. हेमंत तिवारी ने कहा कि अपराधियों के लिए दिल्ली पुलिस का साफ संदेश है कि या तो अपराध छोड़ दें, नहीं तो इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. गोविंदपुरी डबल मर्डर केस के बाद आरोपी को जल्द पकड़ने का पुलिस पर भारी दबाव था. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की पहचान की और घटना के तीसरे दिन उसे मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया.
ये भी पढ़ें-
- उत्तम नगर होली केस: 17 आरोपियों के खिलाफ दायर चार्जशीट पर कोर्ट ने गलती से गिरफ्तार आरोपी को रिहा करने का दिया आदेश
- दीपक हत्याकांड मामले में पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़, दो हुए घायल

