कंबल वितरण विवाद: डोटासरा बोले, वीडियो अगर AI जेनरेटेड होगा तो विधानसभा में माफी मांगूंगा
गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने टोंक के पूर्व सांसद और भाजपा नेता जौनपुरिया का कंबल बांटते वीडियो को AI जेनरेटेड बताया था.

Published : February 24, 2026 at 3:01 PM IST
जयपुर: कंबल वितरण के दौरान एक समुदाय विशेष के आधार पर भेदभाव को लेकर विवाद उपज गया. प्रदेश से लेकर देश की राजनीति में भी उनका वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है. कई राजनीतिक दलों के नेताओं ने उनके इस बयान की कड़े शब्दों में निंदा की है. राजस्थान के गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने विधानसभा में इस वीडियो को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जेनरेटेड बताया था और इसके परीक्षण करने की बात कही थी. वहीं अब इस मामले को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने गृह राज्य मंत्री पर पलटवार किया है. डोटासरा ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार जांच कराए, अगर सुखबीर जौनपुरिया का कंबल वाला वीडियो AI जेनरेटेड हुआ तो वे विधानसभा में सार्वजनिक तौर पर माफी मांग लेंगे.
डोटासरा ने मंगलवार को विधानसभा परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि भाजपा पूरे देश में 'केरोसिन' छिड़क रही है. देश में नफरत कैसे फैले, इस पर काम हो रहा है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भी लगातार यही बात कह रहे हैं कि भाजपा देश में आग लगाना चाहती है और खून की नदियां बहाना चाहती है. डोटासरा ने कहा कि सुखबीर सिंह जौनपुरिया वीडियो जिस तरह से वायरल हुआ है कि वे एक मुस्लिम महिला को कंबल देकर वापस ले रहे हैं, यह बहुत ही शर्मनाक है. सुखबीर सिंह जौनपुरिया गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम के सजातीय हैं, इसलिए उनका बचाव करते हुए गृह राज्य मंत्री कह रहे हैं कि वीडियो AI जेनरेटेड है.
पढ़ें:कंबल वितरण में पूर्व सांसद पर भेदभाव के आरोप, पायलट, डोटासरा व जूली ने जमकर साधा निशाना
एक सिपाही का भी ट्रांसफर नहीं कर सकते गृह राज्यमंत्री: डोटासरा ने गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम पर तंज कसते हुए कहा कि अगर यह वीडियो AI जेनरेटेड है तो फिर बेढम किस बात के गृह राज्य मंत्री हैं, क्या उनके पास कोई पावर नहीं है? उनके पास तो एक पुलिस कांस्टेबल के ट्रांसफर करने का भी अधिकार नहीं है. डोटासरा ने कहा कि वे चैलेंज करते हैं कि अगर यह वीडियो AI जेनरेटेड होगा तो वे विधानसभा में माफी मांग लेंगे, नहीं तो गृह राज्य मंत्री को सदन में अपने इस बयान पर माफी मांगनी चाहिए.
इसे भी पढ़ें: जौनपुरिया बोले- कांग्रेस फैला रही भ्रम, ये गांधी परिवार से बाहर नहीं निकल पाए
गृह और कानून व्यवस्था पर नहीं हो रही चर्चा: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हमने नेता प्रतिपक्ष से कहा था कि सदन में गृह विभाग की अनुदान मांगों और कानून व्यवस्था पर चर्चा होनी चाहिए. इसकी मांग सरकार से भी की. 70 साल से लेकर आज तक ऐसा कोई सत्र नहीं गया जब गृह और कानून व्यवस्था पर सदन में चर्चा नहीं हुई हो. उन्होंने कहा कि इस सत्र में और पिछले सत्र में कानून व्यवस्था और गृह पर चर्चा नहीं हुई, क्योंकि गृह मंत्री स्वयं मुख्यमंत्री हैं और वे जवाब देने में सक्षम नहीं हैं. केवल पढ़ने में सक्षम हैं, लेकिन उसमें भी हजार बार गलतियां. करते हैं. डोटासरा ने कहा कि इस सरकार ने ग्रामीण विकास और शिक्षा का पूरा भट्ठा बैठा दिया है. कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं बची है. बीकानेर में एक बच्ची से दुष्कर्म करके उसकी हत्या कर दी गई और सरकार उस पर जवाब तक नहीं दे रही है. यह सरकार केवल और केवल अनर्गल आरोप लगाती है और इसके अलावा कोई दूसरा काम उनके पास नहीं रह गया है.
वीडियो का परीक्षण कराएंगे: इससे पहले सोमवार को मीडिया के सवाल पर विधानसभा में गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कहा था कि वीडियो आ गया है. उसका परीक्षण करने के बाद ही कुछ जवाब दिया जा सकता है. वीडियो में भाजपा के पूर्व सांसद जौनपुरिया एक मुस्लिम महिला को दिया गया कंबल वापस लेते हुए दिखाई दे रहे हैं.

