2 से अधिक बच्चों के कानून पर बोले डोटासरा-जूली, 'संघ के आदेश पर काम कर रही है सरकार'
डोटासरा ने कहा भाजपा समुदाय विशेष को जनसंख्या नियंत्रण पर टारगेट करती है. अब स्वयं ही 3–4 बच्चे पैदा करने की बात कर रही है.

Published : February 25, 2026 at 5:08 PM IST
जयपुर: निकाय और पंचायत चुनाव में दो बच्चों पर लगी रोक हटाने का प्रस्ताव बुधवार को भजनलाल सरकार की कैबिनेट में पास हुआ. अब दो से अधिक बच्चे वाले भी निकाय पंचायत चुनाव लड़ सकेंगे. इस मामले को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने आरोप लगाया कि भजनलाल सरकार आरएसएस के आदेश पर काम कर रही है. डोटासरा ने बुधवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि पूर्व में जनसंख्या नियंत्रण के लिए केंद्र और राज्य सरकारी दो बच्चों का कानून लेकर आई थी. पूर्व मुख्यमंत्री भैरों सिंह शेखावत के समय दो बच्चों का कानून पास किया गया था, लेकिन भाजपा सरकार अब जनसंख्या पॉलिसी के आधार पर नहीं बल्कि संघ प्रमुख मोहन भागवत और धीरेंद्र शास्त्री जैसे बाबाओ की टीम के आधार पर फैसला ले रही है.
'सरकार अपनी पॉलिसी स्पष्ट करे': डोटासरा ने कहा कि एक तरफ तो भाजपा एक समुदाय विशेष को जनसंख्या नियंत्रण की सलाह देते हैं और उनकी आलोचना करते हैं. दूसरी तरफ स्वयं इस तरह के फैसले करते हैं कि दो बच्चों के ऊपर जो कानून बना हुआ है, उसे हटाने का काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को बताना चाहिए और अपनी पॉलिसी स्पष्ट करना चाहिए कि वो जनसंख्या नियंत्रण के साथ है या फिर आरएसएस जो आदेश देता है उस हिसाब से फैसला ले रहे हैं. उन्होंने कहा कि ऐसी क्या जरुरत आ गई की पूर्व मुख्यमंत्री भैरों सिंह शेखावत के फैसले को पलटना पड़ रहा है.
पढ़ें: दो से ज्यादा बच्चों वाले भी लड़ सकेंगे निकाय और पंचायत चुनाव, कैबिनेट ने संशोधन बिलों को दी मंजूरी
'यह संविधान का उल्लंघन है': डोटासरा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की निकाय और पंचायत चुनाव में बड़ी हार होने वाली है, सरकार अपना सर्वे करवा चुकी है और आईबी से भी रिपोर्ट ले चुकी है. इसलिए यह सरकार अब निकाय पंचायत चुनाव टालने जा रही है. पंचायत चुनाव कराने को लेकर हाईकोर्ट के भी आदेश है. वहीं चुनाव आयोग ने भी अपनी वोटर लिस्ट बनाकर कंप्लीट कर दी है. उन्होंने कहा कि लेकिन सरकार अब सुप्रीम कोर्ट चली गई है कि हमें 6 महीने का समय और दिया जाए. डोटासरा ने कहा कि यह पूरी तरह से संविधान का उल्लंघन है. डोटासरा ने कहा की जनसंख्या नियंत्रण पर पूर्व में कानून बना हुआ है, लेकिन अब उस कानून में बदलाव करके केवल वोट हासिल करना चाहते हैं.
'जनसंख्या बढ़ना देश की सबसे बड़ी समस्या': नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि आज देश में किस प्रकार का वातावरण बना हुआ है. भारत दुनिया में जनसंख्या के मामले में नंबर वन देश बनने की ओर अग्रसर है. हमें सोचना पड़ेगा कि हमारे संसाधन क्या हैं. हमारे देश की स्थिति क्या है. किस दिशा में चलना चाहिए, लेकिन आज लोग स्वयं जागरूक हैं. पहले ही दो बच्चे और एक बच्चे पर आ चुके हैं. सबको पता है कि देश की सबसे बड़ी समस्या जनसंख्या का बढ़ना है, लेकिन भाजपा सरकार केवल संघ के एजेंडे को सेट करने के लिए इस तरह का कानून ला रही है.
पढ़ें: डोटासरा बोले- पंचायत चुनाव की घोषणा नहीं हुई तो आमरण अनशन पर बैठेंगे
'नरेंद्र मोदी ने सरेंडर होकर अमेरिका से डील की': वहीं अमेरिका भारत ट्रेड डील को लेकर डोटासरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरेंडर होकर अमेरिका से ट्रेड डील की है. ट्रंप भी कह चुका है कि मैं ऐसे राज जानता हूं कि नरेंद्र मोदी के राजनीतिक कैरियर खत्म कर सकता हूं. उन्होंने कहा कि ट्रेड डील्स से किसानों के साथ अन्याय हो रहा है. इसलिए हमने आज सभी जिलाध्यक्षों की बैठक बुलाई है. जिसमें हम तय करेंगे कि हमें किस प्रकार से किसानों को लेकर आंदोलन करना है और उसका रोडमैप तैयार करना है. उन्होंने कहा कि श्रीगंगानगर में भी 9 मार्च को राहुल गांधी की रैली प्रस्तावित है. उस रैली की तैयारी को लेकर भी बैठक में चर्चा होनी है.

