देवघर पहुंचे राज्यपाल संतोष गंगवार, बैद्यनाथ मंदिर पहुंचकर की भोलेनाथ की पूजा, लोगों को दी नववर्ष की शुभकामनाएं
देवघर के बैद्यनाथ मंदिर और दुमका के बासुकीनाथ मंदिर पहुंचकर राज्यपाल संतोष गंगवार ने भोलेनाथ की पूजा की.

Published : January 2, 2026 at 6:48 PM IST
|Updated : January 2, 2026 at 8:44 PM IST
देवघर/दुमका: झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार शुक्रवार की शाम देवघर पहुंचे. देवघर पहुंचने के बाद उन्होंने बाबा बैद्यनाथ मंदिर पहुंचकर भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की. राज्यपाल के आने से पहले जिला प्रशासन की ओर से रूट निर्धारित कर दिया गया था. साथ ही मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे.
राज्यपाल के आने से पहले ही मंदिर के मुख्य प्रबंधक रमेश परिहस्त ने मंदिर के वीआईपी गेट पर राज्यपाल को सम्मानित किया और फिर उसके बाद तीर्थ पुरोहितों ने संकल्प करा कर राज्यपाल को गर्भ गृह में पूजा करायी. राज्यपाल को पूजा करवाने के दौरान थोड़ी देर के लिए आम लोगों के गर्भगृह में प्रवेश पर रोक लगा दी गई थी. श्रद्धालुओं की भीड़ अनियंत्रित न हो इसे लेकर अतिरिक्त पुलिस बलों की तैनाती की गई थी.
पीएम मोदी के नेतृत्व में देश हो रहा मजबूत-राज्यपाल
पूजा करने के बाद राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने मीडिया से बातचीत में सर्वप्रथम राज्यवासियों और देशवासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं दी. इस दौरान उन्होंने उम्मीद जताई कि वर्तमान समय देश के लिए काफी अच्छा रहेगा. उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में देश प्रगति करेगा. जैसे अर्थव्यवस्था के मामले में हम दुनिया में चौथे नंबर पर हैं हम और आगे बढ़ने का काम करेंगे. साथ ही झारखंड प्रगति करेगा और देश में अच्छा स्थान पाएगा. देवघर के बैद्यनाथ मंदिर में पूजा करने के बाद राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार कड़ी सुरक्षा के बीच दुमका के बासुकीनाथ मंदिर के लिए रवाना हो गए.
बासुकीनाथ धाम पहुंचकर राज्यपाल ने की पूजा
इधर, दुमका के बासुकीनाथ धाम मंदिर पहुंचकर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने परिवार समेत भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की. राज्यपाल को उनके पंडा-पुरोहितों के द्वारा शिव-पार्वती मंदिर सहित बासुकीनाथ धाम मंदिर में स्थित समस्त देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना करायी गई. इस दौरान राज्यपाल ने मंगल आरती भी की. वहीं राज्यपाल के आगमन को लेकर प्रशासन की ओर से मंदिर परिसर और आसपास सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए थे.
पूजा के बाद राज्यपाल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि हमारे प्रदेश और देश की उन्नति हो, मोदी जी के नेतृत्व में निरंतर देश प्रगति करे यही बाबा से कामना किया. वहीं राज्यपाल के बासुकीनाथ पहुंचने पर संथाल परगना के पुलिस उपमहानिरीक्षक अंबर लकड़ा और दुमका के उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने बुके देकर उनका स्वागत किया. मंदिर प्रांगण में दुमका जिला प्रशासन और जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुंवर सहित पंडा समाज के द्वारा राज्यपाल को भेंट स्वरूप बाबा बासुकीनाथ का स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया. पूजा अर्चना के बाद राज्यपाल दुमका के लोकभवन के लिए प्रस्थान कर गए. दुमका में ही राज्यपाल रात्रि विश्राम करेंगे.
ये भी पढ़ें-
BBMKU के दूसरे दीक्षांत समारोह में शामिल हुए राज्यपाल संतोष गंगवार, छात्रों से की ये अपील

