राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने परिवहन मजदूर संघ के अधिवेशन में कहा- संगठन स्वहित के साथ राष्ट्रहित का भी रखें ध्यान
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे शनिवार को बीकानेर पहुंचे. उन्होंने भारतीय परिवहन मजदूर संघ के 26वें त्रैवार्षिक अखिल भारतीय अधिवेशन का उद्घाटन किया.

Published : November 15, 2025 at 2:41 PM IST
बीकानेर: राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कहा कि पिछले लगभग 12वर्षों में देश ने प्रत्येक क्षेत्र में बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं. आर्थिक परिप्रेक्ष्य में भी बड़ा बदलाव आया है. वर्ष 2014 तक हम दुनिया की ग्यारहवीं अर्थव्यवस्था थे, अब एक बड़ी आर्थिक शक्ति के रूप में उभरते हुए हम चौथे स्थान पर पहुंच चुके हैं. इसमें हमारे श्रमिकों और मजदूरों का बड़ा योगदान है.
राज्यपाल ने दत्तोपंत ठेंगड़ी का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने देशभर के मजदूरों को एकजुट किया और 23 जुलाई 1955 को भारतीय मजदूर संघ की स्थापना की. उनका विचार था कि मजदूर अपने आचार, विचार और सभ्यता से पूरी दुनिया को एकजुट कर सकते हैं. उनका कहना था कि देश के सर्वांगीण विकास का सपना साकार करना है, तो स्वदेशी को प्रोत्साहन देने का कोई विकल्प नहीं है.
राज्यपाल ने कहा कि जो संगठन सिर्फ स्वहित के विचार से काम करता है, उसका अस्तित्व धीरे-धीरे कम हो जाता है. प्रत्येक संगठन को स्वहित के साथ-साथ समाज और देश के हित का भी विचार रखना चाहिए. उन्होंने कहा कि हम सभी को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों को भी समझना चाहिए. उन्होंने मजदूरों को देश के विकास की धुरी बताया.
रसगुल्लों का किया जिक्र: राज्यपाल ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ आज देश के विविध क्षेत्रों में काम कर रहा है और देश के सबसे अधिक मजदूर इस संगठन से जुड़े हैं. उन्होंने प्रत्येक मजदूर से ठेंगड़ी के सिद्धांतों का अनुसरण करने और राष्ट्रहित में अपना योगदान देने का आग्रह किया. बागडे ने राजस्थान को वीरों और संतों की भूमि बताया. उन्होंने बप्पा रावल जैसे शूरवीर राजाओं का स्मरण कराया, जिन्होंने विदेशी आक्रांताओं को मात दी. उन्होंने बीकानेर के प्रसिद्ध भुजिया और रसगुल्ले का भी जिक्र किया, जो दुनिया भर में अपनी विशेष पहचान रखते हैं.
यह भी पढ़ें: राज्यपाल बागड़े बोले- जो भारत का खाकर दूसरे देश का गीत गाता है, वो सच्चा देशभक्त नहीं
भामसं के अखिल भारतीय महामंत्री रवींद्र हिमते ने संघ के इतिहास और वर्तमान स्थिति से अवगत कराया. भारतीय परिवहन मजदूर संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमाकांत सचान ने अध्यक्षीय उद्बोधन दिया. इस दौरान भारतीय परिवहन मजदूर संघ के प्रभारी वीआर वाच्छानी और भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री हरिमोहन शर्मा भी उपस्थित रहे. कार्यक्रम में बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास, जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि, पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सागर सहित देशभर से आए प्रतिभागी मौजूद रहे.

