Hanumangarh Medical College : MBBS स्टूडेंट ने दी जान, परिजनों ने कही ये बड़ी बात
राजस्थान के हनुमानगढ़ से बड़ी खबर. मेडिकल स्टूडेंट ने हॉस्टल के कमरे में दी जान. जानिए पूरा मामला...

Published : January 8, 2026 at 5:47 PM IST
हनुमानगढ़: एक एमबीबीएस स्टूडेंट ने हॉस्टल के रूम में जान दे दी. वह मंगलवार रात में खाना खाकर सोया था और बुधवार को दिनभर कमरे से बाहर नहीं निकला तो साथी छात्रों ने वार्डन को सूचना दी. वार्डन ने रोशनदान से देखा तो वह मृत अवस्था में पड़ा हुआ था.
हनुमानगढ़ जंक्शन थानाधिकारी रामचंद्र कस्वां ने बताया कि गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज के बॉयज हॉस्टल में MBBS थर्ड ईयर के छात्र के जान देने की सूचना मिली थी. पुलिस मौके पर पहुंची तो छात्र का शव मिला. मृतक की पहचान कोटपूतली निवासी संदीप गुर्जर के रूप में हुई है, जिसकी उम्र 22 वर्ष है. शव को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया. एफएसएल टीम ने घटनास्थल से सबूत इकट्ठे किए हैं. स्टूडेंट्स और स्टाफ से पूछताछ की जा रही है.
FSL टीम ने की जांच, हर एंगल से पड़ताल में जुटी पुलिस : घटना की सूचना पर सीओ सिटी मीनाक्षी और थाना प्रभारी रामचंद्र कस्वां मौके पर पहुंचे. एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को भी बुलाया गया, जिसने कमरे की बारीकी से जांच कर साक्ष्य जुटाए. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह मामला केवल आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण भी हो सकता है. हर एंगल से जांच कि जाएगी.
पढ़ें : बोला- पापा मैं जा रहा हूं और 9वीं क्लास के छात्र ने दे दी जान, जानिए पूरा मामला
कोई नोट नहीं मिला, मोबाइल की जांच जारी : पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल संदीप के पास से कोई नोट बरामद नहीं हुआ है. पुलिस उसके मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच कर रही है. साथ ही उसके दोस्तों, रूममेट और कॉलेज के अन्य छात्रों से पूछताछ की जा रही है, ताकि जान देने के कारणों का पता लगाया जा सके.
दरवाजा तोड़ने पर दिखा भयावह दृश्य : सूचना के बाद हनुमानगढ़ जंक्शन थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया, जहां संदीप का शव मिला. कमरे का दृश्य देखकर वहां मौजूद हर व्यक्ति स्तब्ध रह गया और उच्च अधिकारियों को घटना की सूचना दी गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की गई.
पढे़ं : 'न आगे पढ़ाई करूंगा, न कोई परीक्षा दूंगा', NEET के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल : घटना की सूचना मिलते ही संदीप के परिजन कोटपुतली से हनुमानगढ़ पहुंचे. बेटे की मौत की खबर सुनकर परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम करवाया और बाद में शव उन्हें सौंप दिया गया. परिजनों का कहना है कि संदीप ने कभी किसी परेशानी का जिक्र नहीं किया था.

