ETV Bharat / state

चंबा में चरस के साथ सरकारी कर्मचारी गिरफ्तार, नशा तस्करी पर पुलिस का बड़ा एक्शन

चंबा पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने 1.4 किलो चरस के साथ एक सरकारी कर्मचारी को गिरफ्तार किया है.

Government Employee Arrested With Charas In chamba
चंबा में चरस के साथ सरकारी कर्मचारी गिरफ्तार (@CHAMBAPOLICE)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : December 26, 2025 at 10:49 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

चंबा: चंबा जिले में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस की सख्ती लगातार जारी है. इसी कड़ी में शुक्रवार को चंबा पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए चरस के साथ एक सरकारी कर्मचारी को गिरफ्तार किया है. आरोपी महिला जल शक्ति विभाग में कार्यरत बताई जा रही है. इस गिरफ्तारी ने न केवल नशा माफिया की गतिविधियों पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि सरकारी विभागों में तैनात कर्मचारियों की भूमिका को लेकर भी गंभीर चर्चा छेड़ दी है.

नाके के दौरान पकड़ी गई स्कूटी सवार महिला

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई तीसा-चंबा मार्ग पर कांदला के पास रामपुर मोड़ पर की गई. स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (SIU) की टीम ने नियमित नाके के दौरान एक स्कूटी सवार महिला को जांच के लिए रोका. महिला ने स्कूटी सड़क किनारे लगाई, जिसके बाद पुलिस ने स्कूटी की डिक्की की तलाशी ली.

डिक्की से बरामद हुई 1.4 किलो चरस

तलाशी के दौरान स्कूटी की डिक्की से काले रंग के थैले में रखी 1 किलो 400 ग्राम चरस बरामद की गई. बरामदगी के बाद पुलिस ने मौके पर ही महिला को हिरासत में ले लिया. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला चरस को अवैध रूप से ले जा रही थी.

एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया, "SIU टीम ने नाके के दौरान महिला को 1.400 किलोग्राम चरस के साथ पकड़ा है. मामले की गहनता से जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जाएगा कि महिला किसी बड़े तस्करी नेटवर्क से जुड़ी है या नहीं."

जल शक्ति विभाग में तैनात है आरोपी

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला जल शक्ति विभाग में मल्टी टास्क वर्कर के पद पर कार्यरत है और पिछले पांच से छह वर्षों से विभाग में सेवाएं दे रही है. इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है.

ये भी पढ़ें: कर्ज से होगा नए साल का स्वागत, 2026 शुरू होने से पहले 1000 करोड़ का लोन लेगी सुक्खू सरकार