ETV Bharat / state

शराब बेचकर झारखंड सरकार ने की रिकॉर्ड कमाई, जानें चालू वित्तीय वर्ष के 9 महीने में कितनी हुई शराब की बिक्री

झारखंड उत्पाद विभाग को शराब की बिक्री से रिकॉर्ड कमाई हुई है. इससे विभाग के अधिकारी उत्साहित हैं.

Liquor Sale In Jharkhand
झारखंड उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग का बोर्ड. (फोटो-ईटीवी भारत)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : January 3, 2026 at 6:39 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

रांचीः उत्पाद विभाग ने चालू वित्तीय वर्ष के नौ महीनों में शराब की बिक्री से राजस्व संग्रह करने में रिकार्ड बनाया है. विभागीय आंकड़ों के अनुसार चालू वित्तीय वर्ष के नौ महीनों में उत्पाद विभाग ने 2781 करोड़ की कमाई शराब बिक्री से की है, जो ना केवल पिछले वित्तीय वर्ष से अधिक है, बल्कि राज्य गठन के बाद सबसे ज्यादा राजस्व संग्रह है.

ईटीवी भारत से बातचीत में उत्पाद आयुक्त लोकेश मिश्रा ने कहा कि अभी चालू वित्तीय वर्ष के तीन महीने शेष हैं और जो लक्ष्य तय किया गया है उससे ज्यादा प्राप्त होने की संभावना है. उन्होंने कहा कि नई शराब नीति के बाद राज्य में लगातार राजस्व संग्रह में वृद्धि हो रही है. इसके लिए लगातार समीक्षा के दौरान जो भी समस्या आती है उसका समाधान किया जाता है. गौरतलब है कि पिछले साल विभाग ने शराब बेचकर 2700 करोड़ का कमाई की थी. चालू वित्तीय वर्ष में विभाग ने 4000 करोड़ का राजस्व प्राप्त करने का लक्ष्य रखा है.

जानकारी देते उत्पाद आयुक्त लोकेश मिश्रा. (वीडियो-ईटीवी भारत)

नए साल पर जमकर हुई शराब की बिक्री

पिछले वर्ष की तुलना में इस बार नए साल के अवसर पर शराब की बिक्री अच्छी हुई है. इससे उत्पाद विभाग बेहद उत्साहित है और उम्मीद लगाई जा रही है कि इस बार टारगेट से कहीं ज्यादा राजस्व की प्राप्ति होगी. उत्पाद आयुक्त की मानें तो दिसंबर 2025 में भी शराब की अच्छी बिक्री हुई है और जनवरी 2026 में नए साल के मौके पर भी काफी बिक्री हुई है. जनवरी से अगले तीन महीने शराब की बिक्री के लिहाज से अच्छा समय माना जाता है. ऐसे में उम्मीद है कि लक्ष्य से ज्यादा राजस्व प्राप्ति होगी.

ईटीवी भारत के एक सवाल के जवाब में उन्होंने स्वीकार किया कि तकनीकी वजहों से दूसरे राज्य की तुलना में झारखंड में शराब के कुछ ब्रांड के मूल्य अधिक हैं. इसे लेकर हो रही परेशानी को आनेवाले समय में दूर कर लिया जाएगा. गौरतलब है कि नई शराब नीति के तहत सरकार होलसेल की भूमिका में है और खुदरा बिक्री निजी हाथों में देकर निगरानी रख रही है.

ये भी पढ़ें-

शराब बेचकर चालू वित्तीय वर्ष में 4000 करोड़ की कमाई करेगी झारखंड सरकार, रांची में 150 खुदरा दुकानों की हुई नीलामी

झारखंड में नई शराब नीति लागू, निजी हाथों में बिक्री, चालू वित्तीय वर्ष में 4000 करोड़ कमाई का है लक्ष्य

झारखंड में एक सितंबर से नई उत्पाद नीति के तहत बिकेगी शराब, तैयारी में जुटी सरकार