हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड को मिली हाईटेक डाटा सेंटर की मंजूरी, 25 करोड़ रुपये की आएगी लागत
Stage 3 High Tech Data Center: बोर्ड को 25 करोड़ की लागत से स्टेज-3 हाईटेक डाटा सेंटर के निर्माण की मंजूरी मिल गई है.

Published : December 18, 2025 at 8:41 AM IST
भिवानी: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड अब हरियाणा लोक सेवा आयोग और हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग जैसी उच्चस्तरीय प्रतियोगी परीक्षाएं आयोजित करने के लिए सक्षम हो जाएगा. इसके लिए बोर्ड को 25 करोड़ की लागत से स्टेज-3 हाईटेक डाटा सेंटर के निर्माण की मंजूरी मिल गई है. ये प्रदेश का पहला डाटा सेंटर होगा.
भिवानी में बनेगा स्टेज 3 हाईटेक डाटा सेंटर: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉक्टर पवन कुमार शर्मा ने दावा किया कि "ये डाटा सेंटर प्रदेश का पहला सरकारी स्तर का स्टेज-3 डाटा सेंटर होगा. जल्द ही इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी. डाटा सेंटर स्थापित होने के बाद इसमें देशभर से जुड़े शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र के नवीनतम और सुरक्षित डाटा का भंडारण यहां किया जा सकेगा."
सरकार ने दी डेटा सेंटर को मंजूरी: उन्होंने कहा कि "अब तक बोर्ड केवल 10वीं, 12वीं और अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटीईटी) कराने तक ही सीमित था. डाटा सेंटर बनने के बाद बोर्ड की कार्यक्षमता में व्यापक विस्तार होगा." उन्होंने बताया कि "डाटा सेंटर की मंजूरी हाल ही में चंडीगढ़ में हुई निदेशक मंडल की बैठक में दी गई है."
डाटा संग्रहण होगा आसान: इससे पहले, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इस परियोजना को मंजूरी दे चुके हैं. डॉक्टर पवन कुमार ने बताया कि "डाटा सेंटर बनने के बाद बोर्ड की ओर से आयोजित किसी भी परीक्षा के परिणामों में अनावश्यक देरी नहीं होगी. डाटा सेंटर के लिए आवश्यक संसाधन बोर्ड स्वयं जुटाएगा और निर्माण पर आने वाला पूरा खर्च भी बोर्ड की ओर से वहन किया जाएगा. हाईटेक डाटा सेंटर के माध्यम से बोर्ड सरकारी और गैर सरकारी संस्थानों को डाटा संग्रहण व प्रबंधन के लिए एक सुरक्षित और भरोसेमंद प्लेटफार्म उपलब्ध कराएगा. इसमें संस्थानों के नवीनतम व पुराने डाटा का सुरक्षित भंडारण किया जाएगा. इसके साथ ही सुरक्षित वेबसाइट संचालन के लिए भी संस्थानों को एक नया मंच मिलेगा."
हैकिंग की समस्या से मिलेगा छुटकारा: बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि डाटा सेंटर के माध्यम से बोर्ड अपनी वेबसाइट के हैक होने की घटनाओं पर भी प्रभावी नियंत्रण कर सकेगा. पूर्व में कई बार बोर्ड की वेबसाइट हैक होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे बोर्ड प्रबंधन को परेशानी का सामना करना पड़ा. डाटा सेंटर के संचालन से इस प्रकार की घटनाओं पर अंकुश लगेगा. उन्होंने कहा कि डाटा सेंटर के मसौदे को मंजूरी मिल चुकी है. बोर्ड की ओर से स्थापित किया जाने वाला यह प्रदेश का पहला सरकारी डाटा सेंटर होगा. इसके बनने के बाद हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड प्रदेश की उच्च स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाएं आयोजित करने में पूरी तरह सक्षम हो जाएगा.
ये भी पढ़ें- चरखी दादरी में ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी पर भड़के बिजलीकर्मी, ब्लैकआउट की चेतावनी

