ETV Bharat / state

गोरखपुर में सनसनीखेज वारदात; समय माता मंदिर में युवक ने की आत्महत्या, पुलिस और भाइयों पर उठ रहे ऐसे सवाल

गोला थाना क्षेत्र के कोटिया नायक गांव में स्थित समय माता मंदिर परिसर में हुई घटना.

गोरखपुर में युवक ने किया सुसाइड.
गोरखपुर में युवक ने किया सुसाइड. (Photo Credit : ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : June 1, 2026 at 2:36 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

गोरखपुर : गोला थाना क्षेत्र के कोटिया नायक गांव के समीप स्थित समय माता मंदिर परिसर में सोमवार को एक युवक की आत्महत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई. घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. मृत युवक की पहचान जवाहर यादव (37) पुत्र रामदुलार यादव निवासी कोटिया नायक के रूप में हुई.

ग्रामीणों के अनुसार मंदिर गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर सुनसान स्थान पर स्थित है. सोमवार सुबह जब कुछ लोगों की नजर मंदिर परिसर में युवक के शव पर पड़ी तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस और परिजनों को दी. स्थानीय लोगों के मुताबिक मृत युवक का नाम हाल ही में एक पुराने विवाद को लेकर चर्चा में आया था. बताया जा रहा है कि रविवार को किसी पुराने मुकदमे और आपसी विवाद को लेकर जवाहर यादव और उसके भाइयों के बीच मारपीट हुई थी. मामले की सूचना पर पुलिस ने तीनों भाइयों को गोला थाने बुलाकर पूछताछ की थी. देर शाम सभी को छोड़ दिया गया था. इसके बाद सोमवार को जवाहर यादव का शव मंदिर परिसर में मिला.

गोला थाने के थानेदार सीपी पाण्डेय ने बताया कि प्राथमिक जांच में आया है कि जवाहर यादव लंबे समय से नशे का आदी था. उसका पारिवारिक जीवन भी सामान्य नहीं था. पत्नी और तीन बच्चों के बावजूद वह परिवार से अलग-थलग रहता था. पिछले कुछ समय से उसने साधु जैसा जीवन अपना लिया था और अक्सर घर से दूर रहता था. गांव में तरह-तरह की चर्चा है. आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.