ETV Bharat / state

गोरखपुर महोत्सव 2026 का आगाज कल से; मैथिली ठाकुर, पवन सिंह और बादशाह देंगे प्रस्तुति

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री करेंगे उद्घाटन, मंडलायुक्त ने प्रेसवार्ता में दी जानकारी.

अभिनेता पवन सिंह और लोकगायिका मैथिली ठाकुर (फाइल फोटो)
अभिनेता पवन सिंह और लोकगायिका मैथिली ठाकुर (फाइल फोटो) (Photo credit: ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : January 10, 2026 at 7:49 PM IST

|

Updated : January 10, 2026 at 8:24 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

गोरखपुर : रामगढ़ताल के सामने स्थित चम्पा देवी पार्क में रविवार से गोरखपुर महोत्सव की शुरुआत हो रही है. इसका शुभारंभ प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह करेंगे. इसका औपचारिक समापन 13 जनवरी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे. यह महोत्सव 17 जनवरी तक जारी रहेगा. यह जानकारी शनिवार को मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने प्रेसवार्ता के जरिए दी.

उन्होंने बताया कि बीते वर्षों की भांति इस साल भी गोरखपुर महोत्सव कला, संस्कृति, ज्ञान, विज्ञान, मेधा, मनोरंजन और रोजगार का मंच देने के लिए तैयार है. गोरखपुर महोत्सव की खासियत यह भी है कि यह हाल के आठ वर्षों में गोरखपुर की विकसित पहचान को एक उत्सवी मंच दे रहा है. वर्ष 2017 से गोरखपुर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में प्रगति की नई उड़ान भरी है. कभी पिछड़ेपन का दंश झेलने वाले इस जिले ने विकास के नए प्रतिमान स्थापित किया है.

गोरखपुर महोत्सव में पहले दिन के प्रमुख कार्यक्रम : उन्होंने बताया कि पर्यटन मंत्री द्वारा उद्घाटन एवं गीतांजलि शर्मा द्वारा लोकनृत्य अपराह्न 1 से 3:30 बजे तक होगा. दोपहर 3:30 बजे से शाम 6:30 बजे तक सबरंग का कार्यक्रम होगा. वरुण जैन व तनिष्ठा पुरी का बॉलीवुड नाइट शाम 7:30 बजे से होगा. योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में भी कार्यक्रम का आयोजन होगा. नाट्य मंचन एक, शाम 5 बजे से 6 बजे तक होगा. नाट्य मंचन दो, शाम 6 बजे से 7 बजे तक होगा.

प्रदर्शनी के अलावा फूड स्टाॅल भी लगाए जाएंगे : उन्होंने बताया कि रामगढ़ताल की अगुवाई में एक नए टूरिस्ट सेंटर के रूप में भी यह ख्याति बटोर रहा है. विकास और रोजगार के साथ यहां की कला, संस्कृति भी लगातार संरक्षित और समृद्ध हुई है. इन सबको समेटते हुए गोरखपुर महोत्सव एक आईने के रूप में है. गोरखपुर महोत्सव कला, संस्कृति, पर्यटन व रोजगार का भी सशक्त मंच बना है. महोत्सव के अंतर्गत एक विशेष शिल्प मेले, पुस्तक मेले, कृषि प्रदर्शनी, उद्यान प्रदर्शनी, विज्ञान प्रदर्शनी का भी आयोजन होगा तथा फूड स्टाॅल भी लगाए जाएंगे.

गोरखपुर महोत्सव 2026 को लेकर तैयारी (Video credit: ETV Bharat)

यह कलाकार देंगे प्रस्तुतियां : मंडलायुक्त ने बताया कि इस बार गोरखपुर महोत्सव में सदर सांसद व फिल्म अभिनेता रवि किशन, लोकगायिका मैथिली ठाकुर, भोजपुरी सिनेमा के गायक-अभिनेता पवन सिंह तथा देश के प्रसिद्ध रैपर बादशाह जैसे बड़े कलाकार मंच पर अपनी प्रस्तुतियां देंगे. इसके अलावा अनेक सांस्कृतिक दल और कलाकार भी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे.

उन्होंने कहा कि महोत्सव का प्रमुख उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि गोरखपुर की सांस्कृतिक पहचान को सशक्त करना और स्थानीय कलाकारों को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना है. इस उद्देश्य से इस बार लोकल कलाकारों और उभरती प्रतिभाओं को विशेष रूप से मंच दिया जा रहा है.

मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने प्रेसवार्ता कर दी जानकारी.
मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने प्रेसवार्ता कर दी जानकारी. (Photo credit: ETV Bharat)

मंडलायुक्त ने बताया कि महोत्सव के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ टैलेंट हंट प्रतियोगिताएं, इंटर स्कूल प्रतियोगिताएं, महिला प्रतियोगिताएं, खेल गतिविधियां तथा विभिन्न सामाजिक-सांस्कृतिक आयोजन किए जाएंगे. बच्चों, युवाओं और महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए अलग-अलग वर्गों के लिए विशेष प्रतियोगिताएं रखी गई हैं.

उन्होंने बताया कि इसके साथ ही स्थानीय हस्तशिल्प और उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए भव्य शिल्प मेला भी लगाया जाएगा. उन्होंने बताया कि महोत्सव में आने वाले दर्शकों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. पुलिस विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि भीड़ प्रबंधन, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी, आपातकालीन व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान रखा जाए. महोत्सव स्थल और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी.

यह भी पढ़ें : गोरखपुर महोत्सव 2025; विज्ञान प्रदर्शनी में दिखा छात्रों का टैलेंट, भूकंप अलर्ट सिस्टम-आटोमेटिक गन देखकर चौंक गये लोग

Last Updated : January 10, 2026 at 8:24 PM IST