ETV Bharat / state

सीएम योगी आदित्यनाथ से गोरखपुर को मिला डबल गिफ्ट, 100 बेड वाले ईएसआईसी अस्पताल और 80 करोड़ के म्यूनिसिपल बॉन्ड का तोहफा

श्रमिकों के लिए बनेगा नया अस्पताल, 80 करोड़ के बॉन्ड से चमकेगा गोरखपुर

गोरखपुर विकास मॉडल
गोरखपुर विकास मॉडल (Photo Credit: ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : July 8, 2026 at 9:36 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

गोरखपुर: शहर के विकास और मजदूरों के हितों को ध्यान में रखते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने दो बड़ी सौगात दी है. गोरखपुर में ईएसआईसी अस्पताल बनेगा. इसके साथ ही नगरीय और व्यावसायिक विकास के लिए 80 करोड़ के बॉन्ड जारी करने का फैसला सरकार ने लिया है.

श्रमिकों के लिए बनेगा नया अस्पताल: गोरखपुर में ईएसआईसी (कमर्चारी राज्य बीमा निगम) के 100 बेड वाला हॉस्पिटल 5 एकड़ में बनेगा. यह गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के सेक्टर 9 (संस्थागत) में बनेगा. ईएसआईसी हॉस्पिटल के निर्माण से श्रमिकों और उनके परिजनों को इलाज की बड़ी सुविधा मिल जाएगी और उन्हें इलाज के लिए दूसरे शहरों की भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी.

सीएम योगी ने दी दोहरी विकास की गारंटी
सीएम योगी ने दी दोहरी विकास की गारंटी (Photo Credit: ETV Bharat)

अब यह निर्णय शीघ्र धरातल पर भी नजर आएगा। प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर ने बताया है कि ईएसआईसी हॉस्पिटल निर्माण के लिए भूमि को वर्तमान आवंटन दर (टेलिस्कोपिक दर 8720 रुपये प्रति वर्गमीटर) के स्थान पर रियायती दर 2000 रुपये प्रति वर्गमीटर के हिसाब से उपलब्ध कराया जाएगा. प्रस्ताव को सोमवार को योगी सरकार की कैबिनेट ने स्वीकृति दे दी है. हॉस्पिटल की स्थापना से बड़े पैमाने पर कमर्चारियों को चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी, तथा प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार का सृजन भी होगा.- अनिल राजभर, श्रम एवं सेवायोजन मंत्र, यूपी सरकार

80 करोड़ से बदलेगी सूरत: गोरखपुर के नगरीय और व्यावसायिक विकास को गति देने के लिए सीएम योगी ने 80 करोड़ का बॉन्ड जारी करने के प्रस्ताव पर मुहर लगाई. नगर निगम, इस बॉन्ड से जुटाई गई रकम का इस्तेमाल मल्टीस्टोरी कॉमर्शियल कम रेजिडेंशियल कॉम्प्लेक्स बनाने में करेगा.यह अत्याधुनिक और बहुआयामी कॉम्प्लेक्स गोलघर स्थित जलकल परिसर में बनाया जाएगा.

प्रस्तावित मल्टीस्टोरी कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स की तस्वीर
प्रस्तावित मल्टीस्टोरी कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स की तस्वीर (Photo Credit: ETV Bharat)

सरकार की मंशा के अनुसार, इस बड़े प्रोजेक्ट पर बिना किसी विलंब के अत्यंत तीव्र गति से कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि तय समय-सीमा के भीतर इसका लाभ जनता को मिलना शुरू हो सके. यह कॉमर्शियल कम रेजिडेंशियल कॉम्प्लेक्स महानगर की व्यापारिक गतिविधियों को सुदृढ़ करने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित करेगा.- डॉ. मंगलेश, महापौर श्रीवास्तव

कॉम्प्लेक्स निर्माण पर खर्च होंगे 211 करोड़: इस प्रोजेक्ट में जलकल बिल्डिंग के दुकानदारों को स्थान देने के साथ ही कॉरपोरेट ऑफिसों के लिए स्थान मुहैया कराया जाएगा. साथ ही इस मल्टीस्टोरी बिल्डिंग में स्टूडियो अपार्टमेंट भी बनाया जाएगा. इस कॉम्प्लेक्स के निर्माण पर करीब 211 करोड़ रुपये की लागत आएगी. इसमें से 80 करोड़ रुपये की व्यवस्था म्यूनिसिपल बॉन्ड से हो जाएगी.

यह भी पढ़ें: गोरखपुर की बेटी का नाम एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज; सबसे कम उम्र की कथा वाचिका हैं श्वेतिमा

यह भी पढ़ें: गीता प्रेस का इनोवेशन: रोमन स्क्रिप्ट के साथ आ रही है श्रीमद्भगवद्गीता, देवनागरी न जानने वाले भी कर सकेंगे श्लोकों का शुद्ध उच्चारण