पॉल्यूशन सेंटर में नगद सहित कई सामानो की चोरी, जांच में जुटी पुलिस
पाकुड़ के अंबेडकर चौक के पास चोरी की घटना हुई. लाखों रुपये का सामान चोरी हो गया, पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Published : March 2, 2026 at 12:33 PM IST
पाकुड़: नगर थाना क्षेत्र के अंबेडकर चौक के निकट पॉल्यूशन सेंटर में बीती देर रात्रि को चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया. सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और संचालक सहित आसपास के लोगों से पूछताछ की एवं थाने में घटना की लिखित शिकायत देने की बात कही.
नकद रुपये और कई कीमती सामान की चोरी
मिली जानकारी के मुताबिक पॉल्यूशन सेंटर संचालक संजय मिश्रा बीती रात्रि अपना कार्यालय बंद कर घर चले गये थे और सोमवार की सुबह जब उन्होंने अपना कार्यालय का मुख्य दरवाजा खोला तो वहां का नजारा देख कर हैरान हो गये. उन्होंने घटना की सूचना नगर थाना पुलिस को दी. संजय मिश्रा ने बताया कि चोर पीछे का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे और वहां रखी अलमारी तोड़कर 50 हजार रुपये नकद, एक लैपटॉप, गिफ्ट के लिए रखी गई सोने की बाली और कई जरूरी दस्तावेज चुरा लिए.
पुलिस पर सवाल उठ रहे हैं
शहर के बीचो बीच मुख्य सड़क पर कार्यालय में चोरी होने को लेकर स्थानीय लोग व व्यवसायी पुलिस की रात्रि गश्ती पर सवाल उठा रहे हैं. लोगों का कहना है कि पहले घरों में चोरी की घटना घटती थी परंतु अब तो शहर की मुख्य सड़क पर स्थित व्यवसायिक कार्यालय में भी चोरी की घटना घटने लगी है.
मामला संदेहास्पद है- थाना प्रभारी
बता दें कि बीते तीन दिन पूर्व चोरों ने शहरी क्षेत्र में एक मकान में चोरी की घटना को अंजाम दिया था और नगदी सहित कई सामान अपने साथ ले गये थे. वही नगर थाना प्रभारी अनिल गुप्ता ने बताया कि चोरी की घटना की सूचना मिली है और मामले की जांच की जा रही है. थाना प्रभारी ने बताया कि मामला संदेहास्पद है और हर बिंदु पर कड़ी नजर रखी जा रही है.
ये भी पढ़ें: रांची में चोरों का बढ़ता हौसला: थाने से चंद दूरी पर स्थित जेवर दुकान से 16 किलो चांदी उड़ाई
रांची में जेवर दुकान में लूट की सूचना पर हरकत में आई पुलिस, पर मामला निकला कुछ और, दो गिरफ्तार
नामकुम में चोरी के तीन मामलों का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, बड़ी मात्रा में जेवरात बरामद

