देवघर में दो दुकानों में लगी भीषण आग, 20 लाख से अधिक के नुकसान की आशंका
देवघर में सुबह तड़के दो दुकानों में आग लग गई, अग्निशमन टीम ने पहुंचकर आग बुझाई.

Published : June 28, 2026 at 2:26 PM IST
देवघर: जिले के कुंडा थाना क्षेत्र स्थित कुंडा मोड़ पर रविवार अहले सुबह भीषण आग लगने से दो दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने दुकान मालिकों और अग्निशमन विभाग को इसकी जानकारी दी.
काफी मशक्कत के आग पर पाया गया काबू
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अग्निशमन विभाग की टीम करीब एक से डेढ़ घंटे बाद मौके पर पहुंची, तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी और दूसरी दुकान को भी अपनी चपेट में ले चुकी थी. काफी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया.
आग लगने से करीब 15 से 16 लाख रुपये का नुकसान
पहली दुकान 'उषा ट्रेड' के संचालक संजय कुमार ने बताया कि उनकी दुकान में हार्डवेयर और प्लाइवुड का सामान रखा था. प्लाइवुड होने के कारण आग तेजी से फैल गई और पूरा सामान जलकर राख हो गया. उनके अनुसार इस हादसे में करीब 15 से 16 लाख रुपये का नुकसान हुआ है.

आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं
वहीं दूसरी दुकान 'शिव शक्ति स्टोर' के संचालक राजेश ने बताया कि उनकी दुकान में रखा पूरा सामान आग में नष्ट हो गया. उन्होंने भी कई लाख रुपये के नुकसान की बात कही. स्थानीय लोगों ने बताया कि आग सुबह के समय लगी जब अधिकांश लोग सो रहे थे. लोगों ने बताया कि जब तक लोगों की नजर आग पर पड़ी, तब तक लपटें काफी तेज हो चुकी थीं. फिलहाल आग लगने का सटीक कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, हालांकि शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है.
'प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट की बात सामने आ रही है, लेकिन घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा. इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि दोनों दुकानों में रखी संपत्ति पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई.'- प्रशांत कुमार, कुंडा थाना प्रभारी
ये भी पढ़ांः
रामगढ़ में NH-33 पर चलती कार में लगी भीषण आग, बाल-बाल बचे पति-पत्नी और उनके दो बच्चे
धनबाद के दो मिठाई दुकानों में लगी भीषण आग, शॉर्ट सर्किट बताई जा रही वजह
रामगढ़ में NH-33 पर चलती कार में लगी भीषण आग, बाल-बाल बचे पति-पत्नी और उनके दो बच्चे

