चंडीगढ़ में गोल्डी ढिल्लों गैंग के तीन गुर्गे गिरफ्तार, बड़ी वारदात को अंजाम देने की थी प्लानिंग
चंडीगढ़ पुलिस ने गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों से जुड़े तीन गुर्गों को गिरफ्तार किया है. तीनों आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे.

Published : June 20, 2026 at 7:56 PM IST
चंडीगढ़: क्राइम ब्रांच ने गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों से जुड़े तीन युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस का दावा है कि आरोपी शहर में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे, लेकिन उससे पहले ही उन्हें दबोच लिया गया.
गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों के तीन गुर्गे गिरफ्तार: हाल के दिनों में ट्राइसिटी में गैंगस्टर गतिविधियों को लेकर पुलिस लगातार सतर्क है. ऐसे में इस गिरफ्तारी को पुलिस एक बड़ी सफलता मान रही है, क्योंकि मामले की जानकारी देते हुए एसपी क्राइम मंजीत श्योरण ने बताया कि "पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ युवक हथियारों के साथ शहर में घूम रहे हैं और किसी गंभीर घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं."
एक पिस्तौल बरामद: सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से एक पिस्तौल भी बरामद की गई है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि तीनों का संबंध गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों गिरोह से है. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किसे निशाना बनाने की तैयारी में थे और उनके अन्य साथियों की क्या भूमिका है.
आरोपियों से पूछताछ जारी: एसपी मंजीत श्योरण ने बताया कि "आरोपियों से पूछताछ जारी है और कई अहम खुलासे होने की संभावना है. पुलिस उनके आपराधिक रिकॉर्ड और गैंग से जुड़े अन्य संपर्कों की भी जांच कर रही है. समय रहते कार्रवाई कर संभावित वारदात को टाल दिया गया."

