स्वर्ण व्यवसायी से 40 तोले सोने की लूट, पहले से घात लगाए अपराधी बैग छीनकर हुए फरार
किशनगंज में पहले से घात लगाए अपराधियों ने स्वर्ण व्यवसायी से 40 भर सोना लूट लिया. उनकी बाइक की डिक्की तोड़कर लूटपाट की गई.

Published : June 2, 2026 at 7:32 PM IST
किशनगंज: बिहार के किशनगंज में एक स्वर्ण व्यवसायी से 55 लाख से अधिक रुपये के सोने के जेवरात और नकदी लूट ली गई. बहादुरगंज थाना क्षेत्र स्थित सुभासनगर वार्ड नंबर 11 में दो मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने व्यवसायी की मोटरसाइकिल रोककर डिक्की से 35-40 तोले सोने के आभूषण और एक लाख रुपये नकद छीन लिए.
स्वर्ण व्यवसायी से सोने की लूट: घटना सोमवार रात की है, जिसकी शिकायत मंगलवार को एसपी के निर्देश पर थाने में दर्ज कराई गई. सूचना मिलते ही बहादुरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की गई. पीड़ित स्वर्ण व्यवसायी गंगा प्रसाद साह ने पुलिस को बताया कि सोमवार रात करीब 10 बजे वे झांसी रानी चौक स्थित अपनी दुकान बंद कर रहे थे.
"35-40 भर सोने के जेवरात एक बैग में रखे और उसे अपनी मोटरसाइकिल की डिक्की में रखकर सुभाषनगर स्थित अपने घर जा रहे थे. रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे दो मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने मुझे रोका और लूटपाट की."- गंगा प्रसाद, दुकानदार
बैग छीनकर फरार हुए बदमाश: बदमाशों ने उनकी मोटरसाइकिल की डिक्की तोड़ दी और उसमें रखा आभूषणों का बैग छीन लिया. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश तुरंत मौके से फरार हो गए. लूटे गए जेवरात की कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई जा रही है. बहादुरगंज थानाध्यक्ष दिलशाद खान ने जानकारी दी कि पीड़ित स्वर्ण व्यवसायी ने लिखित शिकायत की है. वहीं घटना के बाद से ही स्थानीय सराफा बाजार के व्यवसायों में भय का माहौल देखा जा रहा है.
"शिकायत के आधार पर तीनों अज्ञात बदमाशों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने मामले की गहन तहकीकात शुरू कर दी है. जल्द ही इस मामले में शामिल दोषियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा."- दिलशाद खान, बहादुरगंज थानाध्यक्ष
ये भी पढ़ें
सोना बिकना हुआ बंद तो ज्वेलरी कारोबारियों ने शॉप के आगे खोली चाय-पकौड़े की दुकान
बिहार में स्वर्ण कारोबारियों में दहशत, अब कस्टम अधिकारी बनकर लूटा 17 किलो सोना

