सोने-चांदी के दामों ने तोड़े सभी रिकॉर्ड, 6 दिन में 38 हजार रुपये महंगी हुई चांदी
2.5 लाख रुपये प्रति किलो पार करने वाली चांदी ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए, जबकि सोना के दाम भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचे.

Published : December 27, 2025 at 2:08 PM IST
|Updated : December 27, 2025 at 2:14 PM IST
जयपुर: सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों ने एक बार फिर सभी पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं. खासकर चांदी ने जबरदस्त उछाल दिखाते हुए 2.5 लाख रुपये प्रति किलोग्राम का आंकड़ा पार कर लिया है.
इस कारण दामों में तेजी: जयपुर सर्राफा बाजार के पदाधिकारी मातादीन सोनी ने बताया कि चीन में चांदी की बढ़ती मांग और जनवरी 2026 से चीन सरकार द्वारा चांदी के निर्यात पर लाइसेंस अनिवार्य करने की वजह से वैश्विक बाजार में चांदी की कमी हो रही है. इससे चांदी की कीमतों में बेलगाम तेजी बनी हुई है. मातादीन सोनी के अनुसार, इलेक्ट्रिक व्हीकल (ईवी) कारों, सोलर पैनल और गैजेट्स में चांदी के उपयोग में भारी बढ़ोतरी की संभावना के चलते औद्योगिक मांग तेज हो रही है, जिससे चांदी महंगी होती जा रही है. हाल के महीनों में सोने और चांदी दोनों ने निवेशकों को बड़ा मुनाफा दिया है.
इसे भी पढ़ें- सोना पहली बार ₹1.40 लाख के पार, जाने आपके शहर में क्या हैं ताजा रेट?
साल की शुरुआत से दोगुने से ज्यादा दाम: 1 जनवरी 2025 को चांदी के दाम करीब 88 हजार रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास थे, लेकिन दिसंबर में यह 2.5 लाख रुपये के पार पहुंच गए. शनिवार को जयपुर सर्राफा बाजार द्वारा जारी कीमतों के अनुसार, पिछले दिन की तुलना में 24 कैरेट सोने की कीमत में 1700 रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई. इससे 24 कैरेट सोना 1 लाख 43 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया, जबकि 22 कैरेट सोने के दाम 1 लाख 33 हजार 800 रुपये प्रति 10 ग्राम रहे.
चांदी में रिकॉर्ड उछाल: चांदी में भी जबरदस्त उछाल देखने को मिला है. पिछले 6 दिनों में चांदी 38 हजार 500 रुपये महंगी हो चुकी है, जबकि केवल एक दिन में 16 हजार 100 रुपये की बढ़ोतरी हुई. शनिवार को चांदी की कीमत 2 लाख 52 हजार रुपये प्रति किलोग्राम पहुंच गई. मातादीन सोनी का कहना है कि चांदी अब नए युग का सोना बनने जा रही है. आज का युवा वर्ग चांदी के फैन्सी उत्पादों को ज्यादा पसंद कर रहा है. साथ ही, परिवारों में चांदी के घरेलू उपयोग और बर्तनों की मांग भी बढ़ने लगी है. विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में चांदी की कीमतों में और तेजी आ सकती है, जिससे निवेशकों का रुझान इस ओर और बढ़ेगा.
इसे भी पढ़ें- सोना और चांदी ने फिर तोड़े रिकॉर्ड, चांदी 2 लाख 13 हजार के पार

