ETV Bharat / state

एंबुलेंस में मरीज नहीं, बोरियो में भरा मिला 90 किलो गांजा, पुलिस ने लिया बड़ा एक्शन

एंबुलेंस से बरामद 90 किलोग्राम गांजे की अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई जा रही है.

CANNABIS SMUGGLING IN SRINAGAR
श्रीनगर में गांजा तस्करी (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : August 23, 2026 at 8:41 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

पौड़ी गढ़वाल: जनपद पौड़ी में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देश पर जनपद में नशा तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा मादक पदार्थों की बिक्री, आपूर्ति, परिवहन और वितरण से जुड़े लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जा रही है. इसी क्रम में श्रीनगर पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान के दौरान एक इको एंबुलेंस से 90 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई गई है.

क्षेत्राधिकारी श्रीनगर तपेश कुमार के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली श्रीनगर कुलदीप सिंह के नेतृत्व में 23 अगस्त 2026 की सुबह श्रीनगर पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान आवास विकास ग्राउंड, श्रीनगर के समीप पुलिस टीम ने एक इको एंबुलेंस संख्या UK14-PA-0539 को चेकिंग के लिए रोका. वाहन की गतिविधियों पर संदेह होने पर पुलिस कर्मियों ने एंबुलेंस की गहन तलाशी ली.

तलाशी के दौरान एंबुलेंस के अंदर 9 कट्टों में छिपाकर रखा गया कुल 90 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ. पुलिस ने मौके से एंबुलेंस चालक रविन्द्र सिंह बिष्ट, उम्र 45 वर्ष, पुत्र स्व. कृपाल सिंह, निवासी चौरास, थाना कीर्तिनगर, जनपद टिहरी गढ़वाल, हाल निवासी श्रीनगर को गिरफ्तार किया.

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह श्रीकोट क्षेत्र में उक्त एंबुलेंस का संचालन करता है. वह अपने एक अन्य सहयोगी के साथ एंबुलेंस के माध्यम से जनपद रुद्रप्रयाग क्षेत्र से गांजे के कट्टे लेकर श्रीनगर पहुंच रहा था. पूछताछ में आरोपी ने यह भी बताया कि गांजा रुद्रप्रयाग क्षेत्र से अपेक्षाकृत कम कीमत पर खरीदकर श्रीनगर में अधिक कीमत पर बेचने की योजना थी. इस अवैध कारोबार से उसे आर्थिक लाभ मिलता था.

पुलिस जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि आरोपी पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामले में संलिप्त रहा है. पुलिस अब आरोपी से मिली जानकारी तथा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है. विशेष रूप से गांजे की आपूर्ति करने वाले स्रोत, इसे श्रीनगर तक पहुंचाने वाले अन्य लोगों तथा आगे इसकी बिक्री से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है.

पढ़ें- चंपावत पुलिस ने पांच लाख की स्मैक के साथ नशा तस्कर को गिरफ्तार किया, पहले से ही 15 मुकदमे हैं दर्ज