NEET की तैयारी कर रही एमपी की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पड़ताल में जुटी पुलिस
हल्द्वानी से नीट की तैयारी कर रही छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की पुलिस जांच में जुट गई है.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : June 25, 2026 at 12:50 PM IST
नैनीताल: नीट की तैयारी कर रही छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. छात्रा का शव फंदे से लटका मिला. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच तेज कर दी है. घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम छाया हुआ है.
गौर हो कि डॉक्टर बनने का सपना लेकर मध्य प्रदेश से हल्द्वानी आई 19 वर्षीय छात्रा की पीजी में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की पड़ताल की. बताया जा रहा है कि छात्रा का शव फंदे से लटका मिला. वहीं छात्रा की मौत के बाद कमरे से मिली डायरी में लिखी एक रहस्यमयी पंक्ति ने पुलिस की जांच को नया मोड़ दे दिया है. पुलिस प्रेम-प्रसंग समेत अन्य सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है. मध्य प्रदेश के शिवपुरी जनपद निवासी छात्रा (उम्र 19 वर्ष) बीते 30 मई को हल्द्वानी आई थी. उसने मुखानी क्षेत्र स्थित एक निजी कोचिंग संस्थान में नीट (NEET) की तैयारी के लिए प्रवेश लिया था.
छात्रा खाटू श्याम मंदिर के पास स्थित कोचिंग से संबद्ध एक पीजी में रह रही थी. फिलहाल वह डेमो कक्षाओं में भाग ले रही थी, जबकि नियमित कक्षाएं 29 जून से शुरू होनी थी. बताया जा रहा है कि छात्रा का बड़ा भाई भी इसी संस्थान से तैयारी कर नीट परीक्षा में सफल हुआ था और वर्तमान में एम्स भोपाल में मेडिकल की पढ़ाई कर रहा है. भाई की सफलता से प्रेरित होकर परिजनों ने छात्रा को भी डॉक्टर बनने के उद्देश्य से हल्द्वानी भेजा था. मंगलवार देर रात एक अज्ञात युवक ने मृतक छात्रा की सहेली को फोन कर बताया कि वह उससे संपर्क करने का प्रयास कर रहा है, लेकिन उसका फोन नहीं उठ रहा है. सूचना मिलने पर सहेली ने अन्य परिचितों और पुलिस को जानकारी दी.
छात्रा का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर उसकी कॉल डिटेल, सोशल मीडिया गतिविधियों और गूगल सर्च हिस्ट्री की जांच की जा रही है. साथ ही उस युवक की पहचान और तलाश भी की जा रही है, जिसने घटना से पहले छात्रा की सहेली को फोन किया था.
-मनोज कत्याल,एसपी सिटी
जब पुलिस और स्थानीय लोग पीजी पहुंचे तो कमरा अंदर से बंद मिला. छात्रा का शव फंदे से लटका मिला. जिसके बाद छात्रा को तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटनास्थल की तलाशी के दौरान पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला. प्रारंभिक जांच में पुलिस प्रेम-प्रसंग या किसी व्यक्तिगत विवाद की संभावना को भी खंगाल रही है. पुलिस ने मृतका के परिजनों को सूचना दे दी है. छात्रा की मां और भाई हल्द्वानी पहुंच चुके हैं. परिजनों के आने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी.
पढ़ें-देहरादून: NEET की तैयारी कर रही छात्रा ने दी जान, पुलिस को मिला नोट, माता-पिता के नाम छोड़ा संदेश

