चरखी दादरी में छात्रा की मौत मामला, पुलिस ने किया चौंकाने वाला खुलासा, रोज गार्डन में मिला था शव
चरखी दादरी पुलिस ने स्कूली छात्रा मौत मामले में बड़ा खुलासा किया है. पुलिस ने तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया.

Published : March 2, 2026 at 7:59 AM IST
चरखी दादरी: स्कूली छात्रा के मौत मामले में चरखी दादरी पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. पुलिस के मुताबिक छात्रा की हत्या नहीं की गई, बल्कि उसने आत्महत्या की है. फिलहाल पुलिस ने मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया. जहां से तीनों को पुलिस रिमांड पर भेजा गया है. पुलिस फिलहाल आत्महत्या का मामला दर्ज कर मामले की जांच कर रही है. छात्रा के साथ रेप की पुष्टी पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हो पाएगी. जिसके बाद पुलिस आगामी कार्रवाई करेगी.
रोज गार्डन में मिला था छात्रा का शव: बता दें कि 24 फरवरी को बाढड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 10वीं कक्षा की छात्रा दादरी के रोज गार्डन में बेहोशी की हालत में मिली थी. गंभीर अवस्था में उसे उपचार के लिए पीजीआई रोहतक ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. छात्रा की मौत के बाद परिजनों ने आरोप लगाया था कि युवती के साथ गैंगरेप कर उसे जहर देकर हत्या की गई है.
DSP ने किए खुलासे: डीएसपी सुभाष चंद्र ने मामले को लेकर अहम खुलासे किए. डीएसपी ने बताया कि "प्रारंभिक साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर ये हत्या नहीं बल्कि आत्महत्या का मामला लग रहा है. इसी के चलते पुलिस ने हत्या की धारा हटाकर आत्महत्या से संबंधित धाराएं जोड़ दी हैं. उन्होंने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया है कि छात्रा की इंस्टाग्राम के माध्यम से कुछ युवकों से दोस्ती हुई थी. इन्हीं दोस्तों से मिलने के लिए वो दादरी आई थी."
मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार: डीएसपी ने कहा कि "घटनाक्रम से जुड़े कई अहम तथ्य और डिजिटल साक्ष्य सामने आए हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है. इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपियों की पहचान रोहतक जिला के गांव बनियानी निवासी साहिल उर्फ भोंडी, गांव डोभ निवासी पंकज उर्फ भोलू उर्फ साहिल और दादरी जिला के गांव मांढी केहर निवासी नवीन के रूप में हुई है."
रेप की पुष्टि के लिए पोस्टमार्टम की रिपोर्ट का इंतजार: डीएसपी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट को विस्तृत जांच के लिए लैब भेजा गया है. रिपोर्ट आने के बाद ही ये स्पष्ट हो सकेगा कि छात्रा के साथ दुष्कर्म हुआ था या नहीं. पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों की धरपकड़ भी लगातार जारी है. उन्होंने कहा कि मामले की जांच निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से की जा रही है. रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.
ये भी पढ़ें- चरखी दादरी में नाबालिग युवती का अपहरण कर दुष्कर्म, नशीला पदार्थ खिलाकर की वारदात

