जींद पुलिस की अनोखी पहल: कॉलेज छात्रा को बनाया एक दिन के लिए थाना प्रभारी
जींद महिला थाना में एक छात्रा को एक दिन के लिए थाना प्रभारी बनाया गया. इस दौरान छात्रा ने बखूबी अपनी जिम्मेदारी निभाई.

Published : February 26, 2026 at 10:59 AM IST
जींद: पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह के निर्देशन में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक अनोखी पहल की गई. दरअसल, महिला थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर मोनिका के नेतृत्व में प्रियदर्शिनी इंदिरा गांधी महिला महाविद्यालय की छात्रा ओजशी को एक दिन के लिए थाना प्रभारी (एसएचओ) की जिम्मेदारी सौंपी गई. यह अनूठी पहल युवाओं, खासकर छात्राओं और महिलाओं में पुलिस कार्य प्रणाली और न्याय व्यवस्था के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से की गई.
छात्रा ने समझी थाना की कार्यप्रणाली: इस खास पहल से छात्रा ने महिला थाना की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझा. उन्होंने देखा कि थाने में किस प्रकार के प्रकरण दर्ज होते हैं और पुलिस महिलाओं से संबंधित अपराध जैसे घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, छेड़छाड़, साइबर उत्पीड़न, बच्चों से संबंधित अपराध जैसे बाल शोषण, बाल विवाह, गुमशुदगी, ऑनलाइन ठगी और ब्लैकमेलिंग के मामलों में कैसे त्वरित कार्रवाई करती है. छात्रा ने संवाद के माध्यम से यह संदेश भी दिया कि पुलिस केवल कानून लागू करने वाली संस्था नहीं, बल्कि समाज की संरक्षक और सहयोगी भी है.
थाना डर नहीं, सुरक्षा का केंद्र: इस बारे में महिला थाना प्रभारी मोनिका ने बताया कि, "इस पहल का मुख्य उद्देश्य महिलाओं, खासकर छात्राओं और युवाओं को यह समझाना था कि थाना एक डर का स्थान नहीं बल्कि न्याय और सुरक्षा का महत्वपूर्ण केंद्र है. छात्रा द्वारा स्वयं एक दिन की जिम्मेदारी निभाने से नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है. इस अवसर पर थाना परिसर में आई शिकायतों को सुना गया, समझा गया और त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को भेजा गया."
सुरक्षा और हेल्पलाइन जानकारी दी गई: थाना परिसर में आई महिलाओं और अन्य नागरिकों को महिला सुरक्षा हेल्पलाइन, आपातकालीन सेवाओं और साइबर अपराध से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई. उन्हें बताया गया कि किसी भी प्रकार के अपराध की सूचना तुरंत देने पर समय पर कार्रवाई संभव है. छात्रा ने जनता को यह समझाया कि पुलिस हमेशा सेवा, सुरक्षा और सहयोग के लिए 24 घंटे तत्पर रहती है.

यातायात नियमों के प्रति जागरूकता: सफीदों रोड, जींद स्थित पुलिस नाके पर यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए बिना हेलमेट वाहन चालकों को फूल देकर जागरूक किया गया. यह पहल प्रतीकात्मक होने के साथ-साथ समाज में यह संदेश देती है कि जागरूक नागरिक ही सुरक्षित समाज की नींव हैं.
भविष्य में ऐसे कार्यक्रम जारी रहेंगे: पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने कहा कि, "इस प्रकार के कार्यक्रमों से नागरिकों में पुलिस कार्य प्रणाली को जानने, अपनी शिकायतों का समाधान कराने और पुलिस के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने में मदद मिलती है. भविष्य में भी इस तरह के नवाचार कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं, युवाओं और आमजन को पुलिस व्यवस्था से जोड़ने और अपराध नियंत्रण में भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा."
ये भी पढ़ें:हरियाणा में आज 10वीं की परीक्षा, करीब 2.89 लाख छात्र देंगे गणित का पेपर, एग्जाम सेंटर पर सुरक्षा कड़ी

