हरिद्वार में युवती ने युवक पर जड़े ताबड़तोड़ थप्पड़, ऑटो में जबरन फोटो खींचने का आरोप
हरिद्वार में बीच सड़क पर युवती ने युवक की कर डाली धुनाई, माफी मांगने पर छोड़ा, ऑटो में युवक पर फोटो खींचने का आरोप

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : May 15, 2026 at 8:03 PM IST
हरिद्वार: बहादराबाद क्षेत्र के काली मंदिर चौक क्षेत्र में ऑटो में सफर कर रहे एक युवक की हरकत से गुस्साई युवती ने बीच सड़क हंगामा कर दिया. युवती ने युवक पर जबरन फोटो खींचने का आरोप लगाते हुए उसकी जमकर पिटाई कर दी. जिससे माहौल गरमा गया. वहीं, युवक के माफी मांगने और फोटो डिलीट करने के बाद युवती का गुस्सा शांत हुआ.
ऑटो में सफर करते वक्त युवक ने खींच डाले फोटो: जानकारी के मुताबिक, एक युवती ऑटो में सफर कर रही थी. तभी बहादराबाद क्षेत्र में काली मंदिर चौक के पास उसी ऑटो में बैठा एक युवक अपने मोबाइल फोन से उसकी फोटो खींचने लगा. शुरुआत में युवती को युवक की हरकत पर शक हुआ हुआ, लेकिन जब उसे यकीन हो गया कि युवक उसकी तस्वीरें ले रहा है, तो उसने तत्काल विरोध जताया.
युवती ने युवक के बाल पकड़कर जड़ डाले कई थप्पड़: बताया जा रहा है कि युवती ने तुरंत ऑटो रुकवाया और युवक को बाहर निकालकर विरोध दर्ज कराया. इतना ही नहीं गुस्साई युवती ने उसे खूब खरी खोटी सुनाई और बीच सड़क पर उसकी जमकर धुनाई भी कर दी. हिम्मत जुटाकर अकेली युवती ने युवक के बाल पकड़कर कई थप्पड़ जड़ डाले. बीच सड़क पर हंगामा होते देख मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई.
फोटो कराई डिलीट, युवक ने मांगी माफी: लोगों ने भी युवक की हरकत को गलत बताया और उसे फटकार भी लगाई. मौके पर मौजूद लोगों की मौजूदगी में युवक के मोबाइल फोन से खींची गई तस्वीरें डिलीट कराई गईं. इसके बाद युवक ने अपनी गलती मानते हुए माफी मांगी. काफी देर तक चले हंगामे के बाद किसी तरह युवक ने माफी मांगकर अपना पीछा छुड़ाया और भविष्य ऐसी गलती न करने की कसम भी खाई.
वहीं, युवक की पिटाई करने का वीडियो भी सामने आया है. वीडियो में गुस्साई युवती बीच सड़क पर युवक की पिटाई करती नजर भी आ रही है. हालांकि, माफी मांगने ने बाद युवती ने कोई कार्रवाई नहीं की. उधर, पुलिस को भी कोई शिकायत नहीं की गई है. इस घटना पर युवती की लोगों ने तारीफ भी की है. उनका कहना है कि गलत का विरोध कर सबक सिखाना जरूरी है.
ये भी पढ़ें-
- प्रेमिका से मिलने उत्तराखंड पहुंचा युवक, ग्रामीणों ने खंभे से बांधकर कर पीटा
- कांग्रेसी कार्यकर्ताओं से सवाल पूछना पड़ा भारी! युवक की लात घूंसों से हो गई धुनाई
- स्कूटी सवार युवतियों ने मनचलों को सिखाया सबक, चप्पलों से की पिटाई, वीडियो वायरल
- दो युवतियों ने उतारा युवक की आशिकी का भूत, मर्दानी बन सड़क पर गिरा-गिराकर पीटा

