वंदे भारत के आगे किशोरी ने लगाई छलांग, लोको पायलट की सूझबूझ से बची जान
बापूधाम मोतिहारी स्टेशन पर वंदे भारत के सामने कूदी किशोरी की जान लोको पायलट द्वारा इमरजेंसी ब्रेक लगाने से बाल-बाल बच गई. रिपोर्ट-रोहित राज

Published : August 22, 2026 at 9:47 AM IST
मोतिहारी: बापूधाम मोतिहारी रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार शाम उस समय अफरातफरी मच गई, जब प्लेटफार्म संख्या-दो पर पहुंच रही तेज रफ्तार वंदे भारत एक्सप्रेस के सामने अचानक एक किशोरी ने छलांग लगा दी. किशोरी को इंजन के ठीक सामने आता देख लोको पायलट ने तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाया. ट्रेन समय रहते रुक गई, जिससे किशोरी की जान बाल-बाल बच गई.
लोको पायलट की तत्परता: जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 6 बजकर 15 मिनट पर गाड़ी संख्या 26501 वंदे भारत एक्सप्रेस बापूधाम मोतिहारी स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या-दो पर पहुंच रही थी. इसी दौरान करीब 14 से 15 वर्षीय किशोरी अचानक रेलवे ट्रैक पर पहुंच गई और ट्रेन के इंजन के सामने छलांग लगा दी. अचानक सामने आई किशोरी को देखकर लोको पायलट ने तत्परता दिखाते हुए इमरजेंसी ब्रेक लगा दिया.

स्टेशन पर मची अफरातफरी: ट्रेन के रुकते ही प्लेटफार्म पर मौजूद यात्रियों में अफरातफरी मच गई. यात्रियों और रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने तत्काल किशोरी को समझाया और सुरक्षित तरीके से ट्रैक से निकालकर प्लेटफार्म पर पहुंचाया. इसके बाद किशोरी को आरपीएफ पोस्ट ले जाया गया. घटना के कारण स्टेशन पर कुछ देर तक हलचल बनी रही. आरपीएफ पोस्ट कमांडर भरत प्रसाद ने यह जानकारी दी.
"प्लेटफार्म ड्यूटी में तैनात आरपीएफ आरक्षी गोविंद प्रसाद ने यात्रियों की मदद से किशोरी को सुरक्षित आरपीएफ पोस्ट पहुंचाया. पूछताछ के दौरान किशोरी की पहचान शहर के रघुनाथपुर इलाके की रहने वाली के रूप में हुई. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है." -भरत प्रसाद, कमांडर, आरपीएफ पोस्ट
जीआरपी को सौंपा गया: आरपीएफ ने आगे की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और किशोरी को उसके परिजनों को सौंपने के लिए उसे बापूधाम मोतिहारी राजकीय रेल थाना की सब-इंस्पेक्टर प्रगति राठौर के हवाले कर दिया. पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की ओर से मामले में आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है. परिजनों से भी संपर्क साधने का प्रयास किया जा रहा है.

गंतव्य के लिए रवाना हुई ट्रेन: घटना के बाद वंदे भारत एक्सप्रेस को आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया. स्टेशन पर मौजूद यात्रियों के बीच काफी देर तक इस घटना की चर्चा होती रही. लोको पायलट की तत्परता और इमरजेंसी ब्रेक के चलते बड़ा हादसा टल गया और किशोरी की जान बच गई.
ये भी पढ़ें:

