पटना में दर्दनाक हादसा! खुले मैनहोल में गिरने से ढाई साल की बच्ची की मौत
पटना के नौबतपुर में ढाई साल की मासूम की नाले में गिरकर मौत हो गई. सेविका ने बच्ची को अकेला छोड़ा, जानें पूरा मामला

Published : February 20, 2026 at 11:57 AM IST
पटना: राजधानी पटना के नौबतपुर थानाक्षेत्र के सरासत गांव से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है. जहां गांव के आंगनवाड़ी केंद्र से लापता हुई तीन साल की मासूम बच्ची की गांव के ही नाले में गिरकर मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
ढाई साल की मासूम की मौत: मृत बच्ची की पहचान ढाई वर्षीय रिया कुमारी के रूप में हुई है, जो सरासत गांव निवासी राकेश कुमार की पुत्री थी. बच्ची के पिता राकेश कुमार ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे आंगनवाड़ी सेविका उनकी बच्ची को घर से लेकर केंद्र गई थी. छुट्टी के बाद बच्ची को अकेले ही घर आने के लिए छोड़ दिया गया. इसी दौरान रास्ते में वह खुले नाले में गिर गई.

"दोपहर में आंगनवाड़ी सेविका मेरी बच्ची को घर से लेकर स्कूल गई थी. छुट्टी होने के बाद उसने बच्ची को अकेले स्कूल से आने के लिए छोड़ दिया. स्कूल आने के दौरान बच्ची खुले नाले में गिर गई."-राकेश कुमार, बच्ची के पिता
खुले मैनहोल से ऐसे मिला शव: परिजनों ने बताया कि बच्ची के घर नहीं पहुंचने पर उन्होंने काफी खोजबीन की और नौबतपुर थाने को सूचना दी. तलाश के दौरान गांव के नाले के खुले मैनहोल में डंडा डालकर देखा गया तो बच्ची का स्कूल बैग पानी के ऊपर तैरता हुआ दिखा. इसके बाद मोटर लगाकर नाले से पानी निकाला गया, तब जाकर बच्ची का शव बरामद हुआ.
आंगनवाड़ी सेविका पर लापरवाही का आरोप: ग्रामीण लवकुश कुमार ने बताया कि नाले के मैनहोल का ढक्कन बना हुआ है, लेकिन लापरवाही के कारण उसे ढका नहीं गया था. इसी वजह से यह हादसा हुआ. ग्रामीणों का आरोप है कि अगर आंगनवाड़ी सेविका बच्ची को सुरक्षित घर तक छोड़ने जाती, तो शायद यह दर्दनाक घटना नहीं होती.

"नाले के मैनहोल का ढक्कन बना हुआ है लेकिन उसे लगाया नहीं गया है, जिस वजह से बच्ची उसमें गिर गई और उसकी मौत हो गई. वहीं आंगनवाड़ी सेविका बच्ची को सुरक्षित घर तक छोड़ने जाती तो ये हादसा नहीं होता."-लवकुश कुमार, ग्रामीण
जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग: घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में शोक की लहर है. स्थानीय लोग जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई और खुले नालों को तुरंत ढकने की मांग कर रहे हैं. जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों.
क्या कहती है पुलिस: इधर पूरे मामले पर नौबतपुर थाना प्रभारी मंजीत ठाकुर ने बताया कि ग्रामीणों के द्वारा जानकारी मिली कि सरासत गांव में नाले में गिरने से लगभग 3 साल की बच्ची की मौत हो गई. सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और खोजबीन के बाद बच्ची के शव को बाहर निकाला गया.
"एक तीन साल की बच्ची की नाले में डूबकर मौत हो गई है. जिसके बाद पुलिस मामले की जांच कर रही. सभी पहलुओं पर छानबीन की जा रही है."-मंजीत ठाकुर, थाना प्रभारी, नौबतपुर
ये भी पढ़ें-
पटना में नमामि गंगे प्रोजेक्ट के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरा बच्चा, कंपनी पर 5.5 करोड़ का जुर्माना
600 फीट गहरे बोरवेल में गिरा चार साल का मासूम, 'किस्मत और जांबाजों' ने ऐसे बचाई जान!

