BBA एग्जाम देने निकली छात्रा का 15 दिन बाद बाराबंकी की नहर में मिला शव
पुलिस ने सुसाइड नोट बरामद किया, पिता ने बेटी के अपहरण का मामला दर्ज कराया था.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 6, 2026 at 8:21 AM IST
बाराबंकी: जिले में गुरुवार को नहर से बरामद हुए युवती के शव की शिनाख्त हो गई है. युवती 15 दिसम्बर को घर से स्कूल जाने के लिए बाइक से निकली थी लेकिन वह अपने घर नही लौटी थी. पुलिस ने युवती का शव बरामद कर लिया था. इसकी शिनाख्त कर ली गई है.
व्हॉट्सऐप कॉल से की थी बात: बताते चलें कि सीतापुर जिले के बिसवां थाना क्षेत्र के रहने वाले जगदीप सिंह की पुत्री महक प्रीत कौर 15 दिसंबर को सुबह 9 बजे सीतापुर शिक्षण संस्थान बीबीए का पेपर देने गई थी. वह बीबीए की स्टूडेंट थी. पिता के मुताबिक महक प्रीत कौर ने 9:50 बजे अपने पिता को स्कूल पहुंचने की खबर फोन से दी. इसके बाद 11.35 बजे चाची ने व्हाट्सऐप कॉल से महक से बात की. इसके बाद महक ने अपने पिता को व्हाट्सऐप किया कि उसे अब डिस्टर्ब न करें.
जब घर नहीं लौटी तो पिता ने दर्ज कराया मुकदमा: पिता के मुताबिक महक का व्हाट्सऐप नंबर दोपहर 1:21 बजे तक सीन किया गया. रात नौ बजे तक जब वह घर वापस नही लौटी और उसका मोबाइल भी बंद मिला तब पिता ने बिसवां थाने में बेटी के अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया. जानकारी के मुताबिक 16 दिसम्बर को महक प्रीत का बैग और उसकी बाइक सीतापुर जिले में ही उसके गांव से 10 किमी दूर नहर के किनारे पाई गई थी. इसमे एक डायरी में एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ था. इसमें पिता से माफी मांगने और बहुत सारी गलतियां करने की बात लिखी थी. इसी वजह से सुसाइड करने की बात भी लिखी थी.
पुलिस ने बरामद किया था शव: बीते गुरुवार को बाराबंकी के फतेहपुर थाना क्षेत्र के जरखा गांव के पास शारदा नहर में उतराते हुए एक शव को निकाला था. उस वक्त शव की शिनाख्त नहीं हो सकी थी. फतेहपुर पुलिस ने मृतका के परिजनों से संपर्क किया. इसके बाद शव की शिनाख्त हुई. रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया.
पुलिस क्या बोली: फतेहपुर कोतवाली प्रभारी संजीत कुमार सोनकर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है. मामला सीतापुर जिले का है वहीं उसका मुकदमा भी दर्ज है. लिहाजा बाकी की कार्यवाही सीतापुर जिले की बिसवां थाने की पुलिस करेगी.

