ETV Bharat / state

सिरसा में अपहरण के बाद बच्ची की हत्या, रिसालियाखेड़ा माइनर की टेल के पास मिला शव

Sirsa Girl child murder: सिरसा के डबवाली में अपहरण के बाद बच्ची की हत्या का मामला सामने आया है.

Sirsa Girl child murder
Sirsa Girl child murder (IANS)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : December 17, 2025 at 1:57 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

सिरसा: डबवाली में चार साल की बच्ची का अपहरण के बाद हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. सूचना मिलते ही डीएसपी हेडक्वार्टर की टीम, डॉग स्क्वायड, कमांडो समेत लगभग 200 पुलिसकर्मी गांव के चप्पे-चप्पे पर तैनात किए गए हैं. शक के आधार पर गोरीवाला गांव के पास खेतों में संजय नाम के शख्स को हिरासत में लिया गया है. बाद में बच्ची का शव रिसालियाखेड़ा माइनर की टेल के पास से बरामद किया गया.

सिरसा में बच्ची की अपहरण के बाद हत्या: बच्ची के परिजनों के मुताबिक मोरीवाला गांव का संजय मंगलवार को रामपुर बिश्नोईयां गांव में अपनी बहन कविता के पास आया हुआ था. शाम को वो गांव के बस अड्डे पर मौजूद था. इस दौरान उनकी एकलौती बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी. संजय ने अपने 14 वर्षीय भांजे से कहा कि बच्ची को साथ ले आ. उसे चीज दिला देंगे. इसके बाद किशोर नूर को बाइक पर आगे बैठाकर बस अड्डे पर ले आया. संजय तीनों को बाइक पर बैठाकर गांव से बाहर चला गया.

Sirsa Girl child murder
बच्ची को बाइक पर ले जाते सीसीटीवी में कैद हुए आरोपी (Sirsa Girl child murder)

सीसीटीवी फुटेज आया सामने: गांव के बाहर लगे सीसीटीवी में संजय बाइक पर बैठाकर बच्ची को ले जाता दिखाई दे रहा है. फिलहाल पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है. जिससे पुलिस की पूछताछ जारी है.

परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से किया इंकार: वहीं घटना के बाद से गुस्साए लोगों और परिजनों ने बच्ची के शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया है. परिजनों का कहना है कि जब तक आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक वो बच्ची का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे.

आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ जारी: मामले में डबवाली सदर थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि "बुधवार सुबह बच्ची का शव माइनर में पड़ा मिला. शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में भिजवा दिया है. आरोपी संजय को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. वो बच्ची को ले जाने के बाद अपने गांव मोरीवाला चला गया था. डर के कारण वो खेतों में छुप गया. उससे पूछताछ की जा रही है."

Sirsa Girl child murder
आरोपी (Sirsa Girl child murder)

जेजेपी नेता दिग्विजय चौटाला ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल: इस पूरे मामले पर जननायक जनता पार्टी के नेता दिग्विजय चौटाला ने पुलिस और सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने वीडियो जारी कर कहा कि "हरियाणा में कानून व्यवस्था की हकीकत आज लोगों के सामने आ गई है. चार साल की बच्ची का अपहरण किया जाता है, पुलिस को बताने के बावजूद, पुलिस हाथ पर हाथ रख कर बैठी रहती है. बार-बार पुलिस को सभी ने गुहार लगाई, सीसीटीवी फुटेज दिखाई, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की. नतीजे ये रहा कि बच्ची का शव माइनर में मिला."

दोषियों को फांसी की सजा की मांग: दिग्विजय चौटाला ने सीएम पर निशाना साधते हुए कहा कि "एक तरफ हरियाणा के सीएम नायब सैनी कहते हैं कि मैंने प्रदेश को सुरक्षित बनाया है. एनसीआरबी की रिपोर्ट इनके मुंह पर तमाचा है. चार साल की बच्ची के साथ ऐसा हुआ है. इनको शर्म आनी चाहिए. डीजीपी ओपी सिंह को डूब मरना चाहिए, प्रदेश में ऐसी बदहाल कानून व्यवस्था, यूं कहूं की यूपी-बिहार से हालात खराब हैं और ये लोग सुरक्षित हरियाणा की बात कर रहे हैं. मेरी मांग है कि दोषियों की फांसी की सजा दिलाई जाए."

ये भी पढ़ें- कैथल में अवैध हथियारों के साथ दो युवक गिरफ्तार, तीन पिस्टल और 7 कारतूस बरामद

ये भी पढ़ें- इंदरप्रीत उर्फ पैरी हत्याकांड: पंचकूला पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, हथियार और मोबाइल कराए थे मुहैया