गिरिबाला सिंह के घर चोरी मामले में जांच के लिए 8 मेंबर्स SIT गठित, 25 लाख की चोरी का अंदेशा
ट्विशा शर्मा संदिग्ध मौत मामले में जेल मे बंद आरोपी रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के घर हुई चोरी के मामले में पुलिस जांच हुई तेज.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : July 6, 2026 at 8:00 PM IST
भोपाल: ट्विशा शर्मा संदिग्ध मौत मामले में जेल मे बंद रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के घर हुई चोरी के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है. पुलिस के अनुसार, मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है. आरोपियों की तलाश के लिए 8 सदस्यीय विशेष टीम गठित की गई है. पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि चोरी के बाद घर में मिले सामान का वीडियो बनाकर गिरिबाला सिंह को दिखाया गया है.
गिरिबाला सिंह से चोरी हुए और सुरक्षित बचे सामान की कराई जा रही पहचान
गिरिबाला सिंह के घर हुई चोरी के मामले मे 25 लाख की चोरी का अंदेशा लगाया जा रहा है. पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि चोरी की वारदात की हर पहलू से जाँच की जा रही है. कटारा हिल्स पुलिस ने चोरी गए स्थान का वीडियो बनाकर जेल में गिरिबाला सिंह को दिखाया है. वीडियो के माध्यम से चोरी हुए और सुरक्षित बचे सामान की पहचान कराई जा रही है, ताकि चोरी गए सामान की सही जानकारी जुटाई जा सके.
- ट्विशा शर्मा मामले में क्यों नहीं आई सेकंड पोस्टमार्टम रिपोर्ट? गिरिबाला, समर्थ की ज्यूडिशियल कस्टडी बढ़ी
- ट्विशा शर्मा मौत मामले की आरोपी रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के घर चोरी, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
जांच के दौरान घर में रखी लाइसेंसी पिस्टल पुलिस को सुरक्षित मिल गई है, जिसे बरामद कर लिया गया है. वहीं गिरिबाला सिंह ने चोरी हुए जेवरों और अन्य कीमती सामान की सूची पुलिस को सौंप दी है. प्रारंभिक सूची के आधार पर करीब 25 लाख रुपये की चोरी होने का अनुमान लगाया जा रहा है. हालांकि वास्तविक नुकसान का आंकलन जांच के बाद ही किया जा सकेगा.
मामले का जल्द खुलासा करने के लिए विशेष टीम की कार्रवाई जारी
पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने कहा कि पुलिस तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, संदिग्धों की गतिविधियों और अन्य सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है. मामले का जल्द खुलासा करने के लिए विशेष टीम लगातार कार्रवाई कर रही है. संभावित आरोपियों की तलाश जारी है. पुलिस का कहना है कि चोरी की वारदात से जुड़े हर एंगल की जांच की जा रही है सभी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है. जल्द ही मामले में महत्वपूर्ण खुलासा होने की उम्मीद है.

