'गर्मी में बिना पंखा के कैसे रहेंगे..' बिहार में Gen Alpha का प्रदर्शन, बेंच-डेस्क लेकर सड़क पर उतरे
मुजफ्फरपुर में जेन अल्फा छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया है. पंखा और पेयजल को लेकर मोर्चा खोला है. रिपोर्ट- विवेक कुमार

Published : August 21, 2026 at 1:38 PM IST
मुजफ्फरपुर: जेन-ज़ी के बाद जेन अल्फा भी अपनी मांगों को लेकर सड़क पर आने लगे हैं. मुजफ्फरपुर में स्कूल से पंखा चोरी होने के विरोध में छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शन किया है. बच्चे स्कूल का डेस्क-बेंच लेकर सड़क पर उतर गए और सड़क को जाम कर दिया. इस दौरान बच्चों ने पुलिस के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की.
चोरी के खिलाफ सड़क पर उतरे जेन अल्फा: असल में बनारस बैंक चौक स्थित महिला शिल्प कला मध्य विद्यालय में पिछले कुछ दिनों से लगातार चोरी हो रही है. बच्चों का कहना है कि स्कूल के कई पंखे चुरा लिए गए हैं. साथ ही विद्यालय परिसर में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बढ़ गया है.
दो-तीन दिनों से लगातार स्कूल से पंखे की चोरी हो रही है. इतनी ज्यादा गर्मी पड़ रही है, बिना पंखा के कैसे रहेंगे. इसीलिए हमलोग सड़क पर आए हैं."- छात्रा, तीसरी कक्षा

स्कूली बच्चों का जोरदार प्रदर्शन: स्कूल में लगातार हो रही चोरी और नशेड़ियों के जमावड़े से परेशान जेन अल्फा यानी तीसरी, चौथी और पांचवीं कक्षा के छात्र-छात्राओं का आक्रोश शुक्रवार को सड़क पर देखने को मिला. बच्चों का आरोप है कि स्कूल से लगातार पंखा और मोटर समेत अन्य सामान की चोरी हो रही है. शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही है.
"स्कूल परिसर में नशेड़ियों के जमावड़े को लेकर कई बार पुलिस को सूचना दी गई है. इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ. लगातार चोरी की घटनाओं से विद्यालय की व्यवस्था प्रभावित हो रही है."- छात्रा, पांचवीं कक्षा
बेंच-डेस्क लेकर पहुंचे थे छात्र: सड़क पर बेंच-डेस्क लेकर प्रदर्शन कर रहे एक छात्र ने कहा, 'पंखा और मोटर चोरी होने से गर्मी में पढ़ाई करने में परेशानी हो रही है. विद्यालय में पेयजल की समस्या भी बनी हुई है.'
क्या बोले शिक्षक?: विद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि स्कूल परिसर में लंबे समय से नशेड़ियों का जमावड़ा रहता है. इसकी सूचना कई बार पुलिस को दी गई लेकिन स्थिति में स्थायी सुधार नहीं हुआ. वहीं बीते दिनों स्कूल से पंखा चोरी हो गया था. इसकी शिकायत पुलिस से की गई थी. इसी बीच शुक्रवार को विद्यालय से मोटर की भी चोरी हो गई.
"स्कूल परिसर में नशेड़ियों के जमावड़े को लेकर कई बार पुलिस को सूचना दी गई है. इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ. लगातार चोरी की घटनाओं से विद्यालय की व्यवस्था प्रभावित हो रही है."- मुरारी कुमार, शिक्षक
पुलिस के आश्वासन पर शांत हुए छात्र: हंगामे और सड़क जाम की सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने बच्चों और शिक्षकों को समझाकर शांत कराया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस की ओर से चोरी हुए पंखे और मोटर की बरामदगी और स्कूल परिसर में असामाजिक तत्वों के जमावड़े पर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया. जिसके बाद बच्चे शांत हुए और वापस विद्यालय लौट गए.
"विद्यालय में पंखा और मोटर चोरी होने के बाद छात्र-छात्राएं आक्रोशित होकर सड़क पर उतर गए थे और सड़क जाम कर दिया था. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. चोरी हुए सामान की बरामदगी के साथ स्कूल परिसर में असामाजिक तत्वों के जमावड़े पर भी कार्रवाई की जाएगी."- जय प्रकाश, नगर थाना प्रभारी
ये भी पढ़ें:
बिहार में Gen Alpha सड़क पर, गया में घेरा प्रखंड मुख्यालय.. BDO ने 24 घंटे में मांगा जवाब

