हमारी सरकार के प्रयासों से साकार हुआ रिफाइनरी का सपना, अब पेट्रोकेमिकल जोन का काम भी तेज गति से हो- गहलोत
गहलोत ने कहा कि मुझे संतोष है कि हमारी कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शुरू हुई परियोजना आज क्रियाशील होने जा रही है.

Published : July 4, 2026 at 11:57 AM IST
जयपुर : प्रदेश की बहुप्रतीक्षित पेट्रो रिफाइनरी का आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बाड़मेर पहुंचकर उद्घाटन करेंगे. इसे लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल सहित तमाम मंत्रिमंडल के सदस्य और कई अन्य नेता बाड़मेर में ही मौजूद हैं. वहीं प्रधानमंत्री मोदी बाड़मेर में पेट्रोल रिफाइनरी का उद्घाटन सहित कई अन्य सौगात भी देंगे.
इधर राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पेट्रोल रिफाइनरी का श्रेय पूर्ववर्ती यूपीए सरकार और पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार को दिया है. गहलोत ने कहा कि हमारी सरकारों के अथक प्रयास की वजह से आज रिफाइनरी का सपना साकार हुआ है. पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि आज राजस्थान के लिए एक ऐतिहासिक दिन है क्योंकि प्रदेश की पहली पेट्रोकेमिकल रिफाइनरी का उद्घाटन आज होने जा रहा है. मुझे संतोष है कि हमारी कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शुरू हुई परियोजना आज क्रियाशील होने जा रही है.
आज राजस्थान के लिए एक ऐतिहासिक दिन है क्योंकि प्रदेश की पहली पेट्रोकेमिकल रिफाइनरी का उद्घाटन आज होने जा रहा है।
— Ashok Gehlot (@ashokgehlot51) July 4, 2026
मुझे संतोष है कि हमारी कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शुरू हुई परियोजना आज क्रियाशील होने जा रही है।
2008 में प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने के बाद ही राज्य में… pic.twitter.com/4unrWPY2fS
इसे भी पढ़ें: पीएम मोदी ने जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का उद्घाटन किया, वर्तमान परिसर से सात गुना बड़ा
गहलोत ने कहा कि 2008 में प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने के बाद ही राज्य में रिफाइनरी लगाने के गंभीर प्रयास शुरू किए गए. यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के विशेष सहयोग के कारण राजस्थान को रिफाइनरी मिल सकी. इस दौरान पेट्रोलियम मंत्री रहे मुरली देवड़ा और वीरप्पा मोइली के साथ लगातार संपर्क रखकर एचपीएसीएल को रिफाइनरी के लिए सहमत किया गया.
2013 में हुआ था शिलान्यास : गहलोत ने कहा कि वर्ष 2013 में कांग्रेस सरकार के दौरान यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी एवं पेट्रोलियम मंत्री वीरप्पा मोइली ने रिफाइनरी का शिलान्यास किया. यह दुर्भाग्यपूर्ण रहा कि राजनीतिक कारणों से पांच साल तक रिफाइनरी का काम बंद रहा जिससे इसकी लागत बढ़ती गई. 2018 में कांग्रेस सरकार बनने के बाद रिफाइनरी के काम को प्राथमिकता पर शुरू किया गया एवं कोविड जैसी विपरीत परिस्थिति के बावजूद लगभग 85 प्रतिशत काम कांग्रेस सरकार में पूरा किया गया.
इसे भी पढ़ें: 79 हजार करोड़ की रिफाइनरी बनेगी रोजगार और उद्योग की ताकत, पचपदरा से पीएम मोदी बदलेंगे राजस्थान की तस्वीर, जानिए इसकी खास बातें
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार का विजन रिफाइनरी के साथ पेट्रो केमिकल जोन बनाने का था जिसमें रिफाइनरी से निकलने वाले बाई प्रोडक्ट्स के प्लास्टिक आधारित उद्योग लगें जिससे लाखों नए रोजगार पैदा होंगे. कांग्रेस सरकार के दौरान इसके लिए जमीन आवंटन भी किया गया परन्तु अभी यह ठंडे बस्ते में है. आज रिफाइनरी के उद्घाटन के साथ इस पेट्रो केमिकल जोन का काम तेजी से शुरू किया जाए और इसे राजस्थानी लोगों के लिए आरक्षित किया जाए जिससे बाहर के व्यवसायियों की बजाय स्थानीय लोगों को प्लास्टिक आधारित उद्योग लगाने एवं रोजगार में प्राथमिकता मिल सके.

