गौरवपथ निर्माण में लेट लतीफी को लेकर कवर्धा नगरपालिका अध्यक्ष भड़के
कवर्धा नगरपालिका अध्यक्ष ने इंजीनियर और ठेकेदार को गौरवपथ निर्माण का काम में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं करने के कड़े निर्देश दिए.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 27, 2026 at 10:22 AM IST
कवर्धा: नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने शहर में 10 करोड़ 73 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन गौरवपथ का औचक निरीक्षण कर कार्य की धीमी प्रगति पर कड़ी नाराजगी जताई. निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि इस महत्वपूर्ण परियोजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
गौरवपथ निर्माण के धीमे काम पर नाराजगी
नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि गौरवपथ केवल एक सड़क नहीं, बल्कि शहर के विकास और प्रतिष्ठा का प्रतीक है. यह कार्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की मंशानुसार तय समय-सीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण होना चाहिए. अध्यक्ष ने निर्माण की प्रगति, उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता, सड़क की लेवलिंग, ड्रेनेज व्यवस्था और साइड डेवलपमेंट कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया.

निर्माण की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए चंद्रवंशी ने ठेकेदार को मशीनरी, मजदूरों और अन्य संसाधनों की संख्या बढ़ाकर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए. उन्होंने दो टूक कहा कि कछुआ चाल से चल रहा निर्माण किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है.
हमारे कवर्धा का गौरव बढ़ाए गौरव पथ, इसे लेकर इंजीनियर और ठेकेदार को समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण काम करने के निर्देश दिए हैं. कवर्धा शहरवासियों के लिए लाइफलाइन बनेगा -चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, अध्यक्ष नगरपालिका कवर्धा
अधिकारियों कर्मचारियों को निर्देश
अध्यक्ष ने अधिकारियों को हर साइट का निरीक्षण करने, जियोटैग फोटो लेने और दैनिक प्रगति रिपोर्ट व्हॉट्सएप समूह में साझा करने के निर्देश भी दिए. साथ ही आमजन को होने वाली असुविधा कम करने के लिए वैकल्पिक मार्ग, बैरिकेडिंग, संकेतक बोर्ड और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया. उन्होंने चेतावनी दी कि गुणवत्ता में कमी या देरी होने पर संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार की जवाबदेही तय कर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी. निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आम लोग मौजूद रहे.


