ETV Bharat / state

ललितपुर में 6 बांधों के गेट खोल गए; लाखों क्यूसेक पानी छोड़ा, बारिश से जन-जीवन बेहाल

खेतों में खड़ी उर्द और सोयाबीन की फसलों को जलभराव से काफी नुकसान होने की संभावना से किसान भी चिंतित हैं.

ललितपुर में 6 बांधों के गेट खोल गए.
ललितपुर में 6 बांधों के गेट खोल गए. (Photo Credit: ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : September 3, 2026 at 1:57 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

ललितपुर: यूपी और एमपी में लगातार हो रही बारिश की वजह से बेतवा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. राजघाट बांध से पानी छोड़े जाने के बाद माताटीला बांध में भी जलस्तर बढ़ गया. इसकी वजह से सिंचाई निर्माण खंड के अधिकारियों ने माताटीला बांध के 15 गेट खोलकर करीब 38 हजार क्यूसेक पानी की निकासी शुरू कर दी है.

माताटीला बांध से लगातार पानी छोड़े जाने के कारण बेतवा नदी उफान पर है. वहीं सुकमा-डुकमा बांध के जरिए भी पानी बेतवा नदी में छोड़ा जा रहा है. इससे नदी का जलस्तर और बढ़ने की संभावना बनी हुई है. बुधवार की रात से जनपद में हो रही झमाझम बारिश से लगभग सभी जलाशय अपने निर्धारित जलस्तर से ऊपर पहुंच गए हैं.

ललितपुर में 6 बांधों के गेट खोल गए. (Video Credit: ETV Bharat)

तहसील क्षेत्र मड़ावरा के जामनी बांध में लगातार हो रही पानी की आवक को देखते हुए गुरुवार को बांध सभी छह गेट खोलकर अतिरिक्त जल निकासी की जा रही है. जनपद के सिंचाई खंड प्रथम द्वारा जारी दिशा निर्देशों में बताया गया कि बांध से 16486 क्यूसेक पानी की निकासी की जाएगी.

वहीं, लगातार बारिश से आम जनजीवन बेहाल है. खेतों में खड़ी उर्द और सोयाबीन की फसलों को जलभराव से काफी नुकसान होने की संभावना से किसान भी चिंतित हैं. पालतू गौवंश और अन्य मवेशियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. तेज बारिश से कई ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन ठप हुआ है. प्रशासन ने सुरक्षा बरतने की अपील की है.

बारिश से जन-जीवन बेहाल.
बारिश से जन-जीवन बेहाल. (Photo Credit: ETV Bharat)

ललितपुर जखौरा क्षेत्र में लगातार बारिश के चलते पिपरा से मनपुरा होते हुए जखौरा–तालबेहट मार्ग पर पहुंचने वाला रास्ता पुलिया पर तेज पानी के बहाव के कारण पूरी तरह बंद हो गया है. पानी का बहाव तेज होने से इस मार्ग पर आवागमन जोखिम भरा बना हुआ है. स्थानीय लोगों ने राहगीरों से सावधानी बरतते हुए इस मार्ग से न जाने की अपील की है.

प्रशासन से भी मौके पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था कराने की मांग की गई है. बिरधा में हुई तेज बारिश के चलते बिरधा कस्बे में राधा-कृष्ण मंदिर के पास से निकला नाला उफान पर आ गया. नाले का पानी आंबेडकर नगर मोहल्ले की गलियों में भर गया, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा. गुरुवार सुबह करीब 6 बजे तक भी गलियों में पानी भरा रहा.

बारिश से जन-जीवन बेहाल.
बारिश से जन-जीवन बेहाल. (Photo Credit: ETV Bharat)

ग्रामीणों का कहना है कि नाले में पानी का तेज बहाव होने के कारण बारिश के दौरान स्थिति और बिगड़ जाती है. यदि दोबारा तेज बारिश हुई तो नाला फिर से उफान पर आ सकता है. मोहल्ले की गलियों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो सकती है.

जिलाधिकारी ललितपुर सत्य प्रकाश ने बताया जिले हो रही बारिश से जन जीवन अस्त-व्यस्त है. कक्षा एक से लगाकर आठ तक का अवकाश किया गया है और लोगो से एहतियात बरतने की अपील की गई है.

यह भी पढे़ं: BJP पर बरसे पूर्व मंत्री कौशल किशोर, बोले- नीचे गिरती गेंद की रफ्तार कोई नहीं रोक सकता