पटना में अपराधी बेखौफ, गैस वेंडर को बीच सड़क पर गोलियों से भूना
राजधानी पटना से सटे दानापुर थाना क्षेत्र के नासरीगंज में गैस वेंडर की बाइक सवार अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी. पढ़ें खबर-

Published : June 1, 2026 at 1:22 PM IST
पटना: राजधानी पटना से सटे दानापुर थाना क्षेत्र के नासरीगंज में रविवार देर रात अपराधियों ने एक गैस वेंडर की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना नासरीगंज बिस्किट फैक्ट्री रोड स्थित तक्षशिला कॉलोनी के पास हुई. बाइक सवार दो अपराधियों ने युवक पर ताबड़तोड़ तीन गोलियां चलाईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
पटना में गोली मारकर हत्या : वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश फरार हो गए. मृतक की पहचान सीतामढ़ी जिले के रूनीसैदपुर थाना क्षेत्र के बनसपति गांव निवासी राम कुमार साव के 30 वर्षीय पुत्र इंदल साव के रूप में हुई है. वह दानापुर के गोला रोड स्थित बैंक कॉलोनी में रहकर गैस डिलीवरी का काम करता था.
घात लगाकर अपराधियों ने मारी गोली : प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इंदल साव देर रात हाफ पैंट पहने पैदल कहीं जा रहा था. इसी दौरान पहले से घात लगाए बाइक सवार दो अपराधियों ने उसे निशाना बनाते हुए गोलीबारी कर दी. एक गोली उसके सीने में, दूसरी पसली के पास और तीसरी बाएं हाथ के पंजे में लगी. गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
मृतक की हुई पहचान : घटना की सूचना मिलते ही दानापुर पुलिस और एएसपी शिवम धाकड़ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल से एक मोबाइल फोन और एक गोली का खोखा बरामद किया है. बरामद मोबाइल के आधार पर मृतक की पहचान की गई.
दोस्त के साथ गया एक घंटे बाद हत्या की आई खबर : मृतक के भाई संजीत कुमार ने बताया कि वह गोला रोड में किराना दुकान चलाते हैं, जबकि इंदल गैस डिलीवरी का काम करता था. उनके अनुसार, रविवार रात करीब नौ बजे इंदल दुकान के पास बैठा था. तभी उसका एक परिचित दोस्त बाइक से आया और उसे अपने साथ लेकर चला गया. करीब एक घंटे बाद दोनों की फोन पर बातचीत भी हुई थी. इसके कुछ देर बाद हत्या की सूचना मिली.
एफएसएल की टीम ने जुटाए साक्ष्य : घटना के बाद मृतक के परिजन दानापुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे. वहीं, एफएसएल की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए. एएसपी शिवम धाकड़ ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. दानापुर थाना में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
"अपराधियों की पहचान की जा रही है. दानापुर थाना में मामला दर्ज आगे की कार्रवाई की जा रही है."- शिवम धाकड़, एएसपी, दानापुर
ये भी पढ़ें- बिहार का 'रक्तरंजित गांव' जहां रिश्तेदारों ने ही 40 साल तक लिखी खून और बदले की दास्तान

