ETV Bharat / state

झोपड़ी में रखा गैस सिलेंडर हुआ ब्लास्ट, सामान और नकदी हुई खाक

गैस सिलेंडर ब्लास्ट के दौरान झोपड़ी में कोई मौजूद नहीं था. धमाके की आवाज से लोगों को घटना की जानकारी मिली.

Cylinder blast destroys hut
सिलेंडर ब्लास्ट से खाक हुई झोपड़ी (ETV Bharat Ajmer)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : December 31, 2025 at 2:34 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

अजमेर: हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाना के कोटडा क्षेत्र में स्थित हरिजन बस्ती में एक झोपड़ी में गैस सिलेंडर फट गया. सिलेंडर ब्लास्ट इतना जोरदार था कि इसकी गूंज दूर तक सुनाई दी. ब्लास्ट होने से पहले गैस सिलेंडर भभकने से झोपड़ी में रखा सारा सामान और नगदी जलकर स्वाहा हो गई. गनीमत रही कि सिलेंडर ब्लास्ट के समय झोपड़ी के भीतर और आसपास कोई मौजूद नहीं था. ब्लास्ट की आवाज से लोगों को घटना का पता चला. सिलेंडर ब्लास्ट की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई.

दमकल विभाग में अधिकारी भागचंद ने बताया कि नगर निगम में सेनेटरी इंस्पेक्टर मनोज की ओर से सूचना मिली थी कि कोटड़ा की हरिजन बस्ती में सिलेंडर भभकने से आग लग गई है. मौके पर पंहुचे, तो देखा झोपड़ी में आग इतनी भयावह थी कि कुछ ही देर में झोपड़ी और उसमें रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया. उन्होंने बताया कि झोपड़ी किसी कमलेश नामक व्यक्ति की थी, जो मजदूरी के लिए निकल चुका था. उसके जाने के बाद यह हादसा हुआ. झोपड़ी में एक 5 लीटर का गैस सिलेंडर था. इसमें आग लगने से घरेलू सामान और सर्दी के कपड़े और कम्बल जल गए. उन्होंने बताया कि दमकल की टीम ने आग पर काबू पा लिया. स्थानीय थाना पुलिस ने भी मौका मुआयना किया है.

सिलेंडर ब्लास्ट से खाक हुई झोपड़ी (ETV Bharat Ajmer)

पढ़ें: गेस्ट हाउस में लगी भीषण आग से एक की मौत, पांच गंभीर घायल, सिपाही की बहादुरी से बची जानें

हादसे के समय कोई नहीं था झोपड़ी में: उन्होंने बताया कि जिस वक्त हादसा हुआ था, उस वक्त कमलेश और उसका परिवार मजदूरी के लिए बाहर गया हुआ था. यदि हादसे के वक्त परिवार का कोई सदस्य झोपड़ी में मौजूद रहता, तो जनहानि भी हो सकती थी. झोपड़ी में रखा राशन का सामान, कपड़े, रजाई-गद्दे, 12 हजार रुपए की नगदी जल गई. कमलेश और उसके परिवार के सामने सिर छुपाने तक की जगह नहीं बची है.