गैस संकट को लेकर महिला कांग्रेस का प्रदर्शन, लकड़ी चूल्हे पर चाय बनाकर जताया विरोध
धमतरी में गैस संकट को लेकर महिला कांग्रेस ने अनोखा प्रदर्शन किया है. महिलाओं ने चूल्हे पर चाय बनाकर विरोध जताया.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : March 16, 2026 at 6:48 PM IST
|Updated : March 16, 2026 at 7:12 PM IST
धमतरी : घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति प्रभावित होने पर धमतरी में ग्रामीण महिला कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. सोमवार को शहर के गांधी मैदान में आयोजित धरना प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने गैस संकट और बढ़ती महंगाई को लेकर जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शन को अनोखा रूप देते हुए महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना स्थल पर लकड़ी के चूल्हे में आग जलाकर चाय बनाई और इसे आम जनता की मजबूरी का प्रतीक बताया.
गैस सिलेंडर की कमी पर प्रदर्शन
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि गैस सिलेंडर की कमी के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. कई परिवार फिर से पारंपरिक चूल्हों पर खाना बनाने को मजबूर हो रहे हैं. ग्रामीण महिला कांग्रेस अध्यक्ष अंबिका सिंह ने कहा कि चुनाव से पहले केंद्र सरकार ने 500 रुपए में गैस सिलेंडर देने का वादा किया था, अब सिलेंडर की कीमत लगभग 1000 रुपए तक पहुंच गई है.
केंद्र सरकार की नीतियों के कारण महंगाई लगातार बढ़ रही है और आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है- अंबिका सिन्हा, ग्रामीण जिलाध्यक्ष महिला कांग्रेस
महंगाई को मुद्दा बनाकर सत्ता में आई सरकार अब लोगों को गैस सिलेंडर के लिए लाइनों में खड़ा होने पर मजबूर कर रही है. “अच्छे दिन” का वादा करने वाली सरकार के दौर में लोग फिर से लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाने को विवश हो गए हैं- सुमन मेश्राम, पार्षद

आपको बता दें कि धरना स्थल पर महिलाओं ने तख्तियां लेकर “मोदी सरकार होश में आओ”, “महंगाई कम करो” जैसे नारे लगाए. महिला कांग्रेस ने मांग की है कि सरकार जल्द से जल्द पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित करे और बढ़ी हुई कीमतों को वापस लिया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके.
गौ माता के प्रति अनोखा प्रेम, दुकान की गद्दी पर करती है आराम, परिवार ने माना बुजुर्गों का आशीर्वाद
प्रश्नकाल में उठा राशन कार्ड में ई-केवाईसी का मुद्दा, विपक्ष ने किए तीखे सवाल, विपक्ष का वॉकआउट
अमानक चावल खरीदी का मुद्दा विधानसभा में उठा, विपक्ष ने जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की

