ETV Bharat / state

2 करोड़ 60 लाख का गांजा जशपुर से पकड़ा गया, महासमुंद में नाकेबंदी के दौरान 85 लाख का गांजा जब्त

गांजा तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने के लिए जशपुर पुलिस ने ऑपरेशन आघात चलाया है. तरुण शर्मा की रिपोर्ट.

GANJA SMUGGLING
2 करोड़ 60 लाख का गांजा जब्त (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : August 27, 2026 at 8:25 PM IST

|

Updated : August 27, 2026 at 10:58 PM IST

7 Min Read
Choose ETV Bharat

जशपुर: ओडिशा से छत्तीसगढ़ के रास्ते यूपी तक गांजा पहुंचाने वाले अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क पर जशपुर पुलिस ने खुलासा किया है. ऑपरेशन आघात के तहत जशपुर पुलिस ने कुनकुरी और नारायणपुर थाना क्षेत्रों में 3 अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुल 520 किलो गांजा जब्त किया है. जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 60 लाख है.

2 करोड़ 60 लाख का गांजा जब्त

पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल किए गए 3 वाहनों को भी जब्त किया है, जिनकी कीमत करीब 40 लाख रुपये है. इस तरह पुलिस ने कुल करीब 3 करोड़ की जब्ती की है. कार्रवाई में बिहार और मध्य प्रदेश से जुड़े 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक महिला भी शामिल है.

2 करोड़ 60 लाख का गांजा जब्त (ETV Bharat)

ऑपरेशन आघात

ऑपरेशन आघात के तहत पुलिस की इस कार्रवाई में तस्करी के अंतरराज्यीय कनेक्शन की तस्वीर भी सामने आई है. गिरफ्तार आरोपियों में 2 बिहार के रोहतास और कैमूर जिले के रहने वाले हैं, जबकि नारायणपुर केस में गिरफ्तार दोनों आरोपी मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के निवासी हैं. शुरुआती पूछताछ में गांजे को ओडिशा से उत्तर प्रदेश की ओर ले जाने की जानकारी सामने आई है. अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ओडिशा में गांजा किस स्रोत से लिया गया था और उत्तर प्रदेश में इसे किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था.



कुनकुरी में पिकअप से 246 किलो गांजा बरामद

कुनकुरी पुलिस ने बताया कि 27 अगस्त की सुबह करीब 4 बजे कुनकुरी पुलिस रात्रि गश्त पर थी. इसी दौरान तपकरा की ओर से आ रही एक बिना नंबर की पिकअप पुलिस को संदिग्ध लगी. पुलिस टीम ने थाना के सामने वाहन की घेराबंदी कर उसे रोक लिया. वाहन को थाना परिसर में लाकर तलाशी लेने पर उसमें 2 लोग सवार मिले. पूछताछ में उनकी पहचान अनवर अंसारी उम्र 45 वर्ष, निवासी नेकरा, थाना अंगडे, जिला रोहतास, बिहार और दिनेश कुमार केसरी उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम दादर, थाना मोहनिया, जिला कैमूर, बिहार के रूप में की गई.

Jashpur Police
गांजा तस्करी (ETV Bharat)

पिकअप गाड़ी के कैरियर में सब्जियों की ट्रे के नीचे छह बोरियां छिपाकर रखी गई थीं. संदेह होने पर बोरियों की जांच की गई तो पीले रंग की प्लास्टिक टेप से लिपटे 120 पैकेट मिले. जांच में इन पैकेटों में करीब 246 किलो गांजा पाया गया. आरोपियों से गांजे के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके. इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई.

कुनकुरी और नारायणपुर थाना क्षेत्रों में तीन अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए 520 किलो गांजा सहित चार तस्करों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है. अवैध मादक पदार्थों के कारोबार और तस्करी के खिलाफ ऑपरेशन आघात लगातार जारी रहेगा. नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी: डॉ लाल उमेद सिंह, एसएसपी, जशपुर



248 किलो गांजा बरामद

कुनकुरी पुलिस की दूसरी कार्रवाई के दौरान बिना नंबर की कार तेज गति से पुलिस टीम के सामने से गुजरती दिखाई दी. संदेह होने पर पुलिस ने उसका पीछा किया. पुलिस को पीछे आते देखकर कार चालक सालियाटोली के पास वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया. पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें 20 बैगों में रखे 120 पैकेट मिले. जांच में करीब 248 किलो गांजा बरामद हुआ. इस तरह कुनकुरी थाना क्षेत्र की दोनों कार्रवाइयों में पुलिस ने कुल 494 किलो गांजा और दो वाहन जब्त किए.



नारायणपुर में मध्य प्रदेश की कार से 26 किलो गांजा पकड़ाया

आज ही नारायणपुर पुलिस को करीब 11:30 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार गांजा तस्करी कर रही है. सूचना पर पुलिस ने नारायणपुर चौक में घेराबंदी कर वाहन को रोका और तलाशी ली. कार की डिक्की में छिपाकर रखे 17 पैकेट बरामद हुए, जिनमें करीब 26 किलो गांजा मिला. कार में सवार 2 आरोपियों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया. पकड़े गए लोगों की पहचान कमल किशोर ओझा, उम्र 56 वर्ष, निवासी शिवपुरी, जिला शिवपुरी, मध्य प्रदेश और अनिता सोनी उम्र 35 वर्ष, निवासी शिवपुरी, जिला शिवपुरी, मध्य प्रदेश के रूप में हुई.



ओडिशा से उत्तर प्रदेश तक पहुंच रही गांजे की खेप

दोनों मामलों की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा से लेकर उत्तर प्रदेश की ओर ले जाने की बात बताई है. ऐसे में जशपुर पुलिस अब केवल पकड़े गए तस्करों तक कार्रवाई सीमित नहीं रख रही, बल्कि गांजे की पूरी सप्लाई चेन तक पहुंचने की कोशिश कर रही है. पुलिस यह पता लगा रही है कि ओडिशा में गांजा किससे खरीदा गया, तस्करी के लिए इसे किस रास्ते से लाया गया और उत्तर प्रदेश में किस व्यक्ति को इसकी डिलीवरी दी जानी थी. इसके साथ ही सप्लायर और संभावित प्राप्तकर्ताओं की भूमिका की भी जांच की जा रही है.



3 मामलों में 520 किलो गांजा और तीन वाहन जब्त

जशपुर पुलिस के अनुसार तीनों मामलों में कुल 520 किलो गांजा जब्त हुआ है, जिसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ 60 लाख रुपये से अधिक है. इसके अलावा गांजा तस्करी में इस्तेमाल किए गए तीनों वाहनों की कीमत करीब 40 लाख से अधिक आंकी गई है। इस तरह कुल जब्ती का मूल्य करीब 3 करोड़ है. सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 20(बी)(ii)(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच और विवेचना शुरू कर दी गई है. फरार आरोपी की तलाश के साथ ही तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है.

महासमुंद से 85 लाख का गांजा जब्त

महासमुंद पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 170.75 किलोग्राम गांजा बरामद किया. पकड़े गए गांजे की कीमत 85 लाख है. तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए गांजे को मिनी ट्रक में कांच के टुकड़ों और कचरे के नीचे बेहद शातिर तरीके से छिपाकर रखा था. पुलिस ने कार्रवाई के दौरान गांजा परिवहन करने वाले मिनी ट्रक, उसके पीछे चल रही स्वीफ्ट कार, मोबाइल और नगदी समेत कुल 97 लाख 3 हजार 970 रुपये का मशरूका जब्त किया है.

पुलिस के मुताबिक, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और परिवहन के खिलाफ लगातार चेकिंग एवं निगरानी की जा रही है. इसी दौरान 26 अगस्त 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक मिनी ट्रक में गांजे की बड़ी खेप छिपाकर ले जाई जा रही है. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है.

लग्जरी कार से 12 लाख की नकदी बरामद

बसना पुलिस ने नाकाबंदी कर जांच के दौरान एक कार से 12 लाख की नकदी बरामद की. कार में सवार ओडिशा निवासी शख्स से पुलिस इस मामले में पूछताछ कर रही है. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार नायक ने बताया कि जिले में संदिग्ध गतिविधियों और अवैध रूप से धन के परिवहन पर लगातार नजर रखी जा रही है. इसी क्रम में बसना पुलिस द्वारा पदमपुर रोड पर चेकिंग के दौरान अर्टिगा वाहन से 11 लाख 98 हजार 300 रुपये की संदिग्ध नगदी बरामद की.


जशपुर में ‘खेलो इंडिया संवाद’ का आयोजन, पीएम मोदी के संवाद का प्रसारण, युवाओं से की अलग-अलग खेलों से जुड़ने की अपील

रक्षाबंधन पर जशपुर की बहनों ने विष्णु भैया को बांधी राखी, सीएम ने दिया महतारी सदन का उपहार

मौत के 42 दिन बाद मोबाइल में आया स्वस्थ होकर घर लौटने का संदेश, मानवीय संवेदनाओं से खेलता 'सिस्टम'

Last Updated : August 27, 2026 at 10:58 PM IST