चूरू के शराब व्यवसायी से गैंगस्टर ने मांगी 1 करोड़ की रंगदारी
सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. फोन करने वाले ने खुद को गैंगस्टर वीरेंद्र चारण बताया.

Published : November 9, 2025 at 3:28 PM IST
चूरू: सदर थाना क्षेत्र में शराब व्यवसायी कमल रामसरा व उसके बेटे को 1 करोड़ रुपए रंगदारी के लिए धमकाने का मामला सामने आया है. विदेशी नंबर से WhatsApp कॉल और वॉइस मैसेज के बाद कमल रामसरा और परिवार दहशत में है. धमकी देने वाले ने खुद को गैंगस्टर वीरेंद्र चारण बताया. उसने 1 करोड़ रुपए की मांग की. पीड़ित की रिपोर्ट पर सदर पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू की.
सदर थानाधिकारी बलवंत ने बताया कि रामसरा निवासी शराब व्यवसायी और सरपंच प्रतिनिधि कमल रामसरा ने रिपोर्ट दी कि एक नवंबर को विदेशी नंबर से WhatsApp कॉल आया. उसी दिन शाम को फिर से WhatsApp पर करीब 50 सेकंड का वॉइस मैसेज आया. इसमें खुद को गैंगस्टर बताने वाले वीरेंद्र चारण नामक फोनकर्ता ने कहा कि तेरे दिमाग में कोई फर्क आ गया क्या. यह होटल और दुकानें यहीं धरी रह जाएंगी. धमकाने वाले ने पैसे नहीं देने पर कुचामन के व्यवसायी की हत्या का हवाला दिया.
पढ़ें: इंटरनेशनल कॉल कर बुजुर्ग डॉक्टर से मांगी 25 लाख रुपए रंगदारी, मुकदमा दर्ज
एसएचओ के अनुसार, कमल ने रिपोर्ट में बताया कि उसके पास जनवरी 2025 में भी वीरेंद्र चारण के नाम से फोन आया था. उसने पैसे नहीं देने पर मारने की धमकी दी. पीड़ित ने बताया कि उसने जवाब नहीं दिया तो गैंगस्टर ने बेटे आदित्य को भी मारने की धमकी दी. चारण रंगदारी को लेकर लगातार पीछा कर रहा है. पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया. इससे पहले चूरू में प्रॉपर्टी और ट्रैवल्स के मालिकों से रंगदारी मांगने के मामले सामने आ चुके हैं.

