गैंगस्टर प्रिंस खान ने कारोबारी से मांगे एक करोड़ रुपए रंगदारी, परिवार को जान से मारने की दी धमकी
रांची में एक कारोबारी से खुद को प्रिंस खान बताकर मैसेज के जरिए 1 करोड़ रुपए की रंगदारी की मांग की है.

Published : July 8, 2026 at 10:06 AM IST
रांची: राजधानी में प्रिंस खान के नाम पर रंगदारी मांगे जाने का सिलसिला लगातार जारी है. एक के बाद एक कारोबारियों से फोन और व्हाट्सएप पर मैसेज के जरिए रंगदारी मांगा जा रहा है. रंगदारी प्रिंस खान ही मांग रहा है या उसके आड़ में कोई और मांग रहा है, इसका तो पता नहीं, लेकिन लगातार ऐसे मैसेज से कारोबारी समाज में दहशत का माहौल है.
क्या है पूरा मामला
रांची में गैंगस्टर प्रिंस खान के नाम पर लगातार कारोबारियों को निशाना बनाकर रंगदारी मांगी जा रही है. ताजा मामला रांची के बरियातू थाना क्षेत्र का है, जहां बरियातू रानी बगान के रहने वाले कारोबारी बिजेंद्र सिंह से प्रिंस खान के नाम पर व्हाट्सएप (WhatsApp) पर मैसेज भेजकर एक करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई है. धमकी दी गई है कि यदि रंगदारी की रकम नहीं मिली, तो उन्हें और उनके परिवार को जान से मार दिया जाएगा.
इस संबंध में कारोबारी बिजेंद्र सिंह ने बरियातू थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई है. कारोबारी ने पुलिस को बताया कि उनके व्हाट्सएप पर मंगलवार को एक विदेशी नंबर से मैसेज आया था. संदेश भेजने वाले ने खुद को प्रिंस खान बताया और रंगदारी की मांग की. रंगदारी न देने पर उसने जान से मारने की धमकी भी दी. दर्ज प्राथमिकी के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस की टेक्निकल सेल और साइबर टीम की मदद से फोन करने वाले का पता लगाया जा रहा है.
रंगदारी नहीं दिया तो व्हाइट कार को कर देंगे रेड
कारोबारी ने बताया की मंगलवार की सुबह विदेशी नंबर से मैसेज प्राप्त हुआ है. मैसेज भेजने वाले खुद को प्रिंस खान दुबई का बताया है. मैसेज में कारोबारी के परिवार के सदस्यों का जिक्र किया गया है. यहां तक कि संदेश में कारोबारी की गाड़ी का नंबर और कलर भी बताया है. धमकी दी गई है कि अगर वह सेटेलमेंट नहीं करते हैं तो उनकी गाड़ी कभी भी व्हाइट से रेड हो जाएगी.
गैंगस्टर के गुर्गे रांची में भी
गैंगस्टर प्रिंस खान के गुर्गे रांची में भी हैं. वह गुर्गों के जरीए कारोबारियों का मोबाइल नंबर, घर का पता और परिवार के बारे में पूरी जानकारी लेने के बाद उन्हें फोन कर रंगदारी की मांग करता है. इससे पहले भी प्रिंस खान के नाम से एक कारोबारी को मैसेज भेजकर पूरे परिवार के बारे में जिक्र किया था.
ये भी पढ़ें: अरूप चटर्जी के आरोपों पर सांसद ढुल्लू महतो का पलटवार, निरसा विधायक को गैंगस्टर प्रिंस खान का संरक्षक बताया
धनबाद पहुंचे आईजी शैलेंद्र सिन्हा, संगठित अपराध पर सख्ती के निर्देश, प्रिंस खान पर कार्रवाई जारी
रामगढ़ पुलिस का 'ऑपरेशन क्लीन': कार्रवाई में पकड़ा गया प्रिंस खान गैंग का शूटर

