गैंगस्टर हाजी रजा मोहम्मद के गिरोह पर प्रशासन का शिकंजा, फतेहपुर में 5.15 करोड़ की अवैध संपत्ति कुर्क
गैंगस्टर एक्ट के तहत समाजवादी पार्टी के नेता हाजी रजा मोहम्मद उर्फ हाजी मोहम्मद रजा के गिरोह की 5.15 करोड़ की संपत्ति कुर्क की गयी.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 6, 2026 at 9:05 PM IST
|Updated : January 6, 2026 at 9:20 PM IST
फतेहपुर: फतेहपुर प्रशासन ने गैंगस्टर एक्ट के तहत समाजवादी पार्टी के नेता हाजी रजा मोहम्मद उर्फ हाजी मोहम्मद रजा के गिरोह की 5.15 करोड़ की संपत्ति कुर्क की है. उप जिलाधिकारी सदर अनामिका श्रीवास्तव ने बताया कि राजस्व टीम और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और संपत्तियों की विधिवत मुनादी कराकर कुर्की की कार्रवाई गई.
अचल संपत्तियों को कुर्क किया गया: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जनपद में संगठित अपराध के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम देते हुए थाना कोतवाली पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने गैंगस्टर एक्ट के तहत 5 करोड़ 15 लाख रुपये (वर्तमान बाजार मूल्य) की अवैध रूप से अर्जित अचल संपत्तियों को कुर्क कर जब्त कर लिया.
कई इलाकों में हुई कुर्की की कार्रवाई: यह कार्रवाई सपा नेता हाजी रजा मोहम्मद रजा पुत्र मोबिन निवासी मोहल्ला पनी, थाना कोतवाली फतेहपुर के खिलाफ की गई. वह गैंगस्टर एक्ट के तहत पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 01/2022 में अभियुक्त है. जांच में सामने आया कि हाजी रजा ने अपने गिरोह के सदस्यों और नौकरों के नाम पर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में करोड़ों रुपये की जमीनें अवैध रूप से खरीद रखी थीं.
गिरोह के सदस्यों, नौकरों के नाम प्रॉपर्टी: उप जिलाधिकारी सदर अनामिका श्रीवास्तव ने बताया कि सपा नेता हाजी रजा मोहम्मद ने इन संपत्तियों की रजिस्ट्री रिश्तेदारों और परिचितों के नाम पर कराई थी. पीरनपुर पूर्व शहर, अहमदपुर, नासिरपुर, अजगवां, शेखपुर उनवां और चक विसौली सहित कई स्थानों पर फैली जमीनों को कुर्क किया गया है. इस कार्रवाई के दौरान क्षेत्राधिकारी नगर, तहसीलदार, कानूनगो, लेखपाल और थाना कोतवाली पुलिस मौजूद रही.
यह भी पढ़ें- फर्जी डिग्रियों के चलते जेएस यूनिवर्सिटी पर गिरी गाज, डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय संभालेगा दस्तावेज

