ETV Bharat / state

गैंगस्टर दिनेश गोगा हत्याकांड: मुठभेड़ के बाद अंकित बाबा गैंग का सदस्य गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से घायल

Gangster Dinesh Goga Murder Case: मंगलवार रात को दिनेश गोगा हत्याकांड के आरोपी के साथ रोहतक पुलिस की मुठभेड़ हुई.

Etv Bharat
Etv Bharat (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : February 18, 2026 at 7:22 AM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

रोहतक: अंकित बाबा गैंग के सदस्य दिनेश गोगा हत्याकांड के आरोपी के साथ मंगलवार रात को पुलिस की मुठभेड़ हो गई. मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया. जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया. पुलिस की टीम ने आरोपी के पास से एक देसी पिस्तौल व 2 कारतूस बरामद किए हैं.

रोहतक में एनकाउंटर: रोहतक पुलिस के मुताबिक पकड़ा गया आरोपी बाबा गैंग से ही जुड़ा हुआ था, लेकिन उसने हिमांशु भाऊ गैंग के लिए मुखबरी की थी और शूटरों को गोगा की लोकेशन बताई थी. सोमवार देर शाम को अंकित बाबा गैंग के सदस्य और सोनीपत के निजामपुर माजरा गांव निवासी दिनेश गोगा की रोहतक में दिल्ली बाईपास के नजदीक नोबल हार्ट अस्पताल के सामने गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. उसे 20 से अधिक गोलियां मारी गई थी.

दिनेश गोगा की हत्या मामला: दिनेश गोगा पर ताबड़तोड़ फायरिंग हुई. हत्या करने में 3 युवकों की भूमिका की बात आई थी. सीसीटीवी फुटेज में भी आरोपी नजर आए थे. बाद में भाऊ गैंग ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म के जरिए इस हत्याकांड की जिम्मेदारी ली थी. अर्बन एस्टेट पुलिस स्टेशन में इस संबंध में हत्या का केस दर्ज किया गया था. पुलिस ने मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद गोगा का शव परिजनों को सौंप दिया.

आरोपी ने पुलिस पर की फायरिंग: इस हत्याकांड में शामिल आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमों का गठन किया गया था. जिला पुलिस की अपराध जांच शाखा प्रथम के इंचार्ज कुलदीप सिंह को मंगलवार देर शाम को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी. जिसके बाद शामली-बालंद रोड पर पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने पुलिस टीम पर पिस्तौल से फायर कर दिया.

पैर में गोली लगने से आरोपी घायल: पुलिस टीम ने सरेंडर करने की चेतावनी देते हुए हवाई फायर किया. इसके बाद पुलिस टीम ने सेल्फ डिफेंस में युवक के पैर की ओर फायर किया. युवक के दाहिने पैर में गोली लगी. युवक के पास से एक देसी पिस्तौल व 2 कारतूस बरामद हुए. युवक की पहचान रोहतक जिला के रिटौली गांव निवासी साहिल उर्फ सुखा के रूप में हुई. उसे इलाज के लिए पीजीआईएमएस में भर्ती कराया गया. इस संबंध में शिवाजी कॉलोनी पुलिस स्टेशन में पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से गोलियां चलाने, अवैध हथियारों का प्रयोग करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने आदि अपराध के तहत केस दर्ज किया गया है.

अंकित बाबा गैंग का सदस्य है आरोपी: एएसपी वाईवीआर शशि शेखर ने बताया कि "आरोपी साहिल उर्फ सुखा, रोहतक के एक प्रमुख गैंग का सरगना है. वो दिनेश गोगा की हत्या का सूत्रधार रहा है. उसने अपने साथियों की मदद से गोगा की हत्या की. वारदात में शामिल रहे अन्य आरोपियों की भी पहचान हो चुकी है, जिन्हें गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है."

हिमांशु भाऊ गैंग Vs अंकित बाबा गैंग: गौरतलब है कि हिमांशु भाऊ गैंग व अंकित बाबा गैंग के बीच काफी समय से दुश्मनी चल रही है. दोनों ही रिटौली गांव के हैं. अंकित बाबा पर वर्ष 2016 में पहली बार मारपीट, धमकी व एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ था. जमानत पर आने के बाद वर्ष 2018 में मारपीट व धमकी का केस और फिर वर्ष 2022 में हत्या का केस दर्ज हुआ. इसके बाद वर्ष 2023 में पुलिस ने अंकित बाबा को गिरफ्तार कर लिया. तब से वो जेल में बंद है. जबकि हिमांशु भाऊ पर हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, अवैध हथियार रखने और गैंगवार से जुड़े कई केस दर्ज हैं. वर्ष 2022 में वह फर्जी पासपोर्ट के जरिए विदेश फरार हो गया था और वहीं से अपने गिरोह का नेटवर्क चला रहा है.

ये भी पढ़ें- रोहतक में अस्पताल के सामने युवक का मर्डर, स्कूटी सवार बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग

ये भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर से फरार दो पाकिस्तानी नागरिक अंबाला में पकड़े गए, यूपी के रास्ते नेपाल भागने वाले थे