ETV Bharat / state

ट्राईसिटी से हिमाचल तक वाहन चोरी करने वाले गैंग का पर्दाफाश, मास्टरमाइंड-मैकेनिक समेत चार आरोपी काबू

ट्राईसिटी से हिमाचल तक वाहन चोरी करने वाले गैंग का पर्दाफाश हुआ है. चार आरोपियों को काबू किया गया है.

Gang stealing vehicles from Tricity to Himachal busted
ट्राईसिटी से हिमाचल तक वाहन चोरी करने वाले गैंग का पर्दाफाश (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : September 1, 2026 at 11:04 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

पंचकूला: हरियाणा के पंचकूला पुलिस की क्राइम ब्रांच-3 की टीम ने ट्राईसिटी समेत पंजाब और हिमाचल प्रदेश में सक्रिय एक वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मास्टरमाइंड समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12 मोटरसाइकिल और 2 कारें बरामद की हैं. क्राइम ब्रांच-3 के इंचार्ज तजिन्द्र पाल सिंह ने बताया कि बीती 21 अगस्त को मोरनी निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज करवाई थी.

मोहाली में किरायेदार थे तीनों आरोपी: मोरनी निवासी व्यक्ति ने बताया कि 20 अगस्त की रात घर के बाहर खड़ी उनकी बाइक चोरी हो गई. शिकायत पर थाना चंडीमंदिर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई. जांच और गुप्त सूचना के आधार पर राहुल निवासी बिहार, शुभम निवासी उत्तर प्रदेश और विशाल निवासी उत्तर प्रदेश को बीती 30 अगस्त को गिरफ्तार किया गया. करीब 20 वर्षीय तीनों आरोपी नयागांव, मोहाली में बतौर किराएदार रह रहे थे. पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर उनका तीन दिन का रिमांड हासिल किया.

पुर्जे काटकर बेचने की योजना: डीसीपी क्राइम एवं ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह ने बताया कि रिमांड के दौरान पूछताछ में पता लगा कि आरोपी काफी समय से वाहन चोरी की वारदातों में सक्रिय थे. विशेष रूप से पंचकूला, बद्दी, चंडीगढ़ और पंजाब के अलग-अलग क्षेत्रों से वाहन चोरी करते थे और इन्हें स्पेलेंडर बाइक पर हाथ साफ करना आसान लगता था. पुलिस को आरोपियों के पास से अलग-अलग वाहनों की नकली चाबियों का एक गुच्छा होने का पता लगा है. आरोपियों की चोरी की गई बाइकों को कटवाकर उनके पुर्जे बेचने की योजना थी, जिसमें एक मैकेनिक भी गिरोह की मदद करता था. पुलिस ने इस आरोपी मैकेनिक को भी गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान राहुल निवासी उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है, जो वर्तमान में चंडीगढ़ में बतौर किराएदार रह रहा था.

पंचकूला से चोरी वाहन बरामद किए: क्राइम ब्रांच-3 के इंचार्ज तजिन्द्र पाल सिंह ने बताया कि आरोपियों ने पंचकूला से तीन बाइक और गाड़ी चोरी की थी, जिन्हें संबंधित मामलों में बरामद कर लिया गया है. उन्होंने बताया कि आरोपी नशे के भी आदि हैं, जिसकी पूर्ति के लिए ही वे वाहन चोरी करते थे. उन्होंने बताया कि आरोपियों ने अलग-अलग समय पर वाहन चोरी किए हैं, जिनकी सूचना पुलिस को मिलती रही. शुरुआती तौर पर आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिल रहा था लेकिन गहन जांच के दौरान आरोपियों का सुराग हाथ लगा और फिर गुप्त सूचना के आधार पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.

इन सवालों पर पूछताछ: पंचकूला पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है. उन्होंने कहा कि आरोपी मैकेनिक को अदालत में पेश कर उसका पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा. इस दौरान गिरोह के अन्य सदस्यों, चोरी किए वाहनों और पूर्व में अंजाम दी गई अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ की जाएगी. पुलिस द्वारा बरामद वाहनों को कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपा जाएगा. पुलिस कमिश्नर ने कहा कि जिले में अपराधियों और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी.

हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, लोकसभा चुनाव से जुड़ी हर ख़बर, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App

ये भी पढ़ें : फरीदाबाद में पार्किंग की कमी से वाहन मालिक परेशान, 25 करोड़ से ज्यादा के वाहन चोरी, 3900 वाहन चोरी के मामले दर्ज

ये भी पढ़ें : नूंह में बाइक चोरी कर फिरौती वसूलने का आरोपी गिरफ्तार, 5 बाइक बरामद

ये भी पढ़ें : करनाल में 3 वाहन चोर आरोपी गिरफ्तार, कई वाहन बरामद