ETV Bharat / state

DIG से मिलने के लिये सड़क पर दौड़ी गैंगरेप पीड़िता; पुलिस फोर्स ने की रोकने की कोशिश, खुर्जा प्रभारी निरीक्षक लाइन हाजिर

बुलंदशहर गैंग रेप पीड़िता ने डीआईजी से न्याय की लगाई गुहार

DIG से मिलने के लिये सड़क पर दौड़ी गैंगरेप पीड़िता
DIG से मिलने के लिये सड़क पर दौड़ी गैंगरेप पीड़िता (Photo credit: ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : November 14, 2025 at 7:16 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

बुलंदशहर : जिले के खुर्जा कोतवाली में गुरुवार को हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. डीआईजी के निरीक्षण के दौरान एक गैंगरेप पीड़िता उनसे मिलने पहुंच गई. इस दौरान पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन युवती डीआईजी से मिली. पीड़िता ने आरोपियों पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया, जिसके बाद लापरवाही पाए जाने पर प्रभारी निरीक्षक खुर्जा को लाइन हाजिर कर दिया गया है.

एसपी देहात तेजवीर सिंह व मेरठ के डीआईजी कलानिधि नैथानी ने दी जानकारी. (Video credit: ETV Bharat)



मेरठ के डीआईजी कलानिधि नैथानी गुरुवार शाम को खुर्जा कोतवाली निरीक्षण करने पहुंचे थे. वह बाहर निकलकर वापस जाने के लिए जैसे ही गाड़ी की ओर बढ़े, तभी गैंगरेप पीड़िता उनकी ओर दौड़ पड़ी. यह देख मौके पर तैनात पुलिसकर्मी भी पीड़िता को रोकने के लिए दौड़े, लेकिन कोई भी उसे रोक नहीं पाया. करीब दस से 15 मिनट तक हंगामा चलता रहा. पीड़िता को दौड़ता देख डीआईजी कलानिधि नैथानी अपनी कार से उतरे. उन्होंने पीड़िता और उसके परिजनों की शिकायत सुनी.

पीड़िता का आरोप है कि गांव के छह युवकों ने 3 जून को उसके साथ गैंगरेप किया था. खुर्जा पुलिस ने शिकायत पर 10 जून को एफआईआर दर्ज की थी. चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो अभी भी फरार हैं. पीड़िता का आरोप है कि आरोपी उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं. परिजनों का आरोप है कि खुर्जा पुलिस हमारी बिल्कुल भी नहीं सुन रही. इस दौरान डीआईजी ने फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने के आदेश दिए.



पीड़िता की मां के मुताबिक, उनकी नाबालिग बेटी 3 जून 2025 की रात घर में सो रही थी. सुबह उठने पर वह घर से गायब मिली. खोजने पर पता चला कि पड़ोस का रहने वाला एक युवक व उसके दोस्त उसे ले गये हैं. बेटी 5 जून की रात करीब 12 बजे बेटी बदहवास हालत में घर लौटी. किशोरी ने परिजनों को बताया कि तीन साल पहले गांव के एक युवक ने घर में उसका रेप किया और वीडियो बना लिया. इसके बाद आरोपी युवक उसके साथ दुष्कर्म करते रहे. आरोप है कि पीड़िता जब गर्भवती हो गई तो आरोपियों ने उसे गर्भपात की गोली दी. इस दौरान आरोपी के दोस्तों ने भी उसके साथ दुष्कर्म किया.


पीड़िता का आरोप है कि 3 जून की रात करीब 11 बजे आरोपी उसे बुलाकर बाइक से एक होटल ले गया. इस दौरान उसने फर्जी आधार कार्ड से रूम बुक किया. आरोप है कि कमरे में आरोपी और उसके दोस्तों ने बारी-बारी से दुष्कर्म किया. इसके बाद आरोपी उसे बुलंदशहर रेलवे स्टेशन ले गए, जहां से मेरठ ले गये और वहां उसे अकेला छोड़कर भाग गये.

एसपी देहात तेजवीर सिंह ने बताया कि गैंगरेप मामले में पुलिस चार आरोपियों को जेल भेज चुकी है. दो फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए स्पेशल टीम गठित की गई है. लापरवाही पाए जाने पर प्रभारी निरीक्षक खुर्जा को लाइन हाजिर कर दिया गया है.


यह भी पढ़ें : यूपी की राजधानी में 12 वर्षीय बच्ची से रेप; नाराज होकर रात में घर से निकली थी, युवक बहला-फुसलाकर होटल ले गया