ETV Bharat / state

कानपुर में फर्जी स्कीम के नाम पर ठगी करने वाले गैंग का भंडाफोड़, 4 गिरफ्तार

बिल्हौर थाना प्रभारी सुधीर कुमार ने बताया, राज (19 वर्ष), सोहेल (20 वर्ष), मो. इमरान (19 वर्ष) और अर्जुन (19 वर्ष) गिरफ्तार किये गये हैं.

Photo Credit: Media Cell, Commissionerate Police
चार शातिर ठग गिरफ्तार किये गये. (Photo Credit: Media Cell, Commissionerate Police)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : March 2, 2026 at 7:39 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

कानपुर: कानपुर में सर्विलांस सेल और थाना पुलिस टीम की संयुक्त कार्रवाई में चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. ये आरोपी भोले-भाले लोगों को फर्जी योजनाओं में रुपये निवेश करने का लालच देकर लाखों की ठगी करते थे. पकड़े गए आरोपियों की पहचान राज (19 वर्ष), सोहेल (20 वर्ष), मो. इमरान (19 वर्ष) और अर्जुन (19 वर्ष) के रूप में हुई है. इनमें से तीन आरोपी बिल्हौर के रहने वाले हैं, जबकि एक आरोपी रसूलाबाद का निवासी है.

ठगों के नेटवर्क की पड़ताल कर रही पुलिस: बिल्हौर थाना प्रभारी सुधीर कुमार ने बताया कि सभी आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इन्होंने कानपुर के अलावा किन-किन शहरों में लोगों को अपना निशाना बनाया है. चारों आरोपियों की उम्र 20 साल से कम है, लेकिन उनके काम करने का तरीका बेहद शातिर है. वे लोगों को फंसाने के लिए नई-नई तकनीक और फर्जी पहचान का सहारा लेते थे.

दूसरों के आधार कार्ड पर सिम लेकर ठगी: थाना प्रभारी के अनुसार, आरोपी किसी को शक न हो इसके लिए पहले लोगों के आधार कार्ड हासिल कर उन पर नए सिम खरीदते थे. इसके साथ ही वे सालों पुराने बैंक खातों की जानकारी जुटाकर अलग-अलग नंबरों से लोगों को कॉल करते थे. योजना के जाल में फंसाकर मोटी रकम ऐंठने के बाद वे तुरंत नंबर ब्लॉक कर देते थे. सबूत मिटाने के लिए वे अक्सर इस्तेमाल किए गए सिम कार्ड को तोड़कर फेंक देते थे.

आरोपियों के पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश: पुलिस को आरोपियों के पास से कई स्मार्टफोन, कूट रचित (फर्जी) आधार कार्ड, सिम कार्ड और एटीएम कार्ड बरामद हुए हैं. इन डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों के पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश करने में जुटी है. पुलिस ने जनता से भी अपील की है कि वे अनजान कॉल्स पर मिलने वाले प्रलोभन से सावधान रहें. सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

यह भी पढ़ें- चंदौली में 4 लोगों पर फायरिंग करने वाला गिरफ्तार, मामूली विवाद के बाद चलाईं थीं गोलियां