लोहाघाट में कांग्रेस की परिवर्तन संकल्प यात्रा, बीजेपी पर बरसे गोदियाल, 100 ज्यादा लोगों ने थामा पार्टी का हाथ
चुनाव से पहले कांग्रेस अपना कुनबा बढ़ाने में लगी हुई है. आज चंपावत के लोहाघाट में 100 से ज्यादा लोगों ने कांग्रेस का हाथ थामा.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : June 29, 2026 at 6:31 PM IST
खटीमा: साल 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए उत्तराखंड में सभी राजनीतिक दल चुनावी मोड में आ गए हैं. इसी क्रम में आज चंपावत जिले को लोहाघाट में कांग्रेस की परिवर्तन संकल्प यात्रा का आयोजन किया है. इस दौरान उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने जनसभा को संबोधित किया और बीजेपी पर निशाना साधा. इसके साथ ही 100 से अधिक लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता भी ली.
गणेश गोदियाल ने जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला. उन्होंने कांग्रेस की सरकार बनने पर अग्निवीर योजना समाप्त करने, पुरानी पेंशन बहाल करने और टीईटी की बाध्यता खत्म करने का वादा किया.
लोहाघाट के रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस नगर अध्यक्ष डॉ. अमर सिंह कुटियाल की अध्यक्षता पर जनसभा का आयोजन किया गया. जनसभा में क्षेत्रीय विधायक खुशाल सिंह अधिकारी, धारचूला विधायक हरीश धामी और पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल ने भाजपा सरकार को अपने संबोधन में जमकर कोसा.
जनसभा में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने मंहगाई, भ्रष्ट्राचार और बेरोजगारी पर भाजपा सरकार की नीतियों पर हल्ला बोला. उन्होने कहा भाजपा धर्म को राजनीति में मिलाने का कार्य कर रही है, जबकि कांग्रेस वसुधैव कुटंबकम का नारा देकर पूरे विश्व के कल्याण की कामना करती है.
उन्होंने कहा कि माताएं हाड़तोड़ मेहनत कर अपने बच्चों पढाती है और भाजपा पेपर लीक करवाकर मेहनत करने वाले बच्चों के भविष्य पर खिलवाड़ कर रही है. भाजपा ने राम मंदिर के नाम से लिए गए चंदे में भी घोटाला कर दिया, जिससे जनता की भावनाओं को ठेस पहुंची है.
गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार आने के बाद अग्निवीर भर्ती को बंद किया जाएगा और जो 2027 में रिटायर होकर आएगा उसे बगैर परीक्षा के उत्तराखंड पुलिस में रखेंगे. इसके साथ पुरानी पेंशन को फिर से बहाल किया जाएगा और टीईटी की बाध्यता को खत्म किया जाएगा.
गोदियाल ने विधायक खुशाल अधिकारी की तारीफ में कसीदे पढे और कहा कि उत्तराखंड में कांग्रेस आने पर विधायक अधिकारी चुनाव जीतकर सीधे कैबिनेट में जाएंगे. इस दौरान प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष उत्तम फर्त्याल के नेतृत्व में शिक्षकों ने टीईटी की बाध्यता खत्म करने और पुरानी पेंशन बहाली को लेकर ज्ञापन दिया.
पढ़ें--

