पलारी में जुए पर पुलिस का बड़ा वार, खेत में खुलेआम जुआ खेलते जुआरी गिरफ्तार
पलारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने जुआ फड़ पर बड़ी कार्रवाई की है.दबिश देकर पुलिस ने नकदी समेत 5.57 लाख का माल जब्त किया है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : March 2, 2026 at 7:21 PM IST
बलौदाबाजार भाटापारा : पलारी थाना क्षेत्र में जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई है. समाधान सेल में मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दतान रोड स्थित एक खेत में दबिश देकर 6 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया. मौके से नकद 45 हजार 250 रुपए, 52 पत्ती ताश, तीन बाइक, एक कार और पांच मोबाइल फोन जब्त किए गए. बरामद सामग्री की कुल कीमत 5 लाख 57 हजार 250 रुपए बताई गई है. यह कार्रवाई न सिर्फ अवैध जुए के खिलाफ सख्त संदेश मानी जा रही है, बल्कि समाधान सेल की प्रभावशीलता को भी रेखांकित करती है.
गुप्त सूचना से शुरू हुई कार्रवाई
जिले में आमजन की शिकायतों और आपराधिक गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई के लिए शुरू की गई “समाधान सेल” के हेल्पलाइन नंबर पर सूचना मिली थी कि दतान रोड के खेत में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं. सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना पलारी की टीम ने तत्काल रणनीति बनाई और दबिश दी. पुलिस जब मौके पर पहुंची तो आरोपी जुआ खेलते पाए गए. घेराबंदी कर सभी को पकड़ा गया.थाना प्रभारी परिवेश तिवारी ने ईटीवी भारत को बताया कि सूचना मिलते ही टीम को सक्रिय किया गया. पूरी कार्रवाई योजनाबद्ध तरीके से की गई ताकि आरोपी भाग न सके.

समाधान सेल के माध्यम से मिल रही सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है. जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों पर सख्ती जारी रहेगी.आमजन से अपील है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी हेल्पलाइन पर दें.सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाती है. सार्वजनिक स्थानों या खेत-खलिहानों में जुआ खेलना कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई की जाएगी- परिवेश तिवारी, थाना प्रभारी
1. महेंद्र वर्मा (36) निवासी गांधी चौक, पलारी
2. राजा धीरहे (36) निवासी वार्ड क्रमांक 7, सतनाम चौक, पलारी
3. गुरुदत्त वर्मा (67) निवासी वार्ड क्रमांक 6, पलारी
4. शिवम वर्मा उर्फ कथरी (34) निवासी वार्ड क्रमांक 12, शांति नगर, पलारी
5. अशोक धृतलहरे (26) निवासी ग्राम बलौदी, थाना पलारी
6. लोकेश कन्नौजे (35) निवासी वार्ड क्रमांक 01, गांधी चौक, पलारी
सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है.
समाधान सेल की बढ़ती भूमिका
जिले में शुरू की गई समाधान सेल योजना के तहत नागरिक सीधे व्हाट्सएप या कॉल के माध्यम से सूचना दे सकते हैं.हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर प्राप्त सूचनाओं के आधार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है.इस पहल का मकसद है कि लोग बिना झिझक अपराध की जानकारी साझा कर सकें और पुलिस त्वरित कार्रवाई कर सके. हाल की कार्रवाई से यह स्पष्ट हुआ है कि आमजन की भागीदारी से अपराध नियंत्रण में सकारात्मक परिणाम मिल रहे हैं.
रायपुर में डिजिटल पहरे के बीच मनेगी होली, हाईटेक तरीके से हुड़दंगियों पर पुलिस रखेगी नजर
होली पर टैंक और मशीनगन वाली पिचकारी की भारी डिमांड, रंग और गुलाल से सजा कोरबा का बाजार

