मारपीट और भड़काऊ पोस्ट करना युवक को पड़ा भारी, पुलिस ने किया गिरफ्तार
युवक को सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने और मारपीट करना भारी पड़ गया. पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर लिया है.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : December 27, 2025 at 8:31 AM IST
रुद्रपुर: गदरपुर थाना क्षेत्र में एक युवक को सोशल मीडिया पर धार्मिक भड़काऊ पोस्ट कर नफरती नारों से माहौल खराब करने और युवक से मारपीट करने के मामले में गिरफ्तार किया गया है. पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी गदरपुर थाने में एक मुकदमा दर्ज है. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और आरोपी को तत्काल अरेस्ट किया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
पुलिस ने आरोपी युवक को किया गिरफ्तार: दरअसल 25 दिसंबर 2025 को वादी चन्द्र पाल, निवासी वार्ड संख्या-28, सुभाष कॉलोनी, रुद्रपुर द्वारा कोतवाली गदरपुर में तहरीर दी गई थी. तहरीर में बताया गया कि जुनैद इदरीसी एवं उसके 20-25 साथी पूर्व नियोजित तरीके से सोशल मीडिया पर धार्मिक भड़काऊ पोस्ट साझा कर रहे थे. आरोप है कि इसके बाद अभियुक्तों ने राहुल कोली के साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गया इस दौरान आरोपियों द्वारा उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना गदरपुर पुलिस ने तत्काल आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया. विवेचना उपनिरीक्षक मोहन सिंह बोहरा को सौंपी गई.
आरोपी पर पूर्व में भी मुकदमा दर्ज: मामले की विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने पाया कि सोशल मीडिया पर एक व्यक्ति द्वारा धार्मिक भावनाएं भड़काने, वायरल वीडियो के माध्यम से माहौल खराब करने तथा युवक के साथ मारपीट कर उसे घायल किया गया है. जिसके बाद गदरपुर पुलिस ने आरोपी जुनैद इदरीसी को गदरपुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया. जिसके बाद पुलिस द्वारा आरोपी को कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है. आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी गदरपुर थाने में एक मुकदमा दर्ज है.
कश्मीरी शॉल विक्रेता मारपीट मामले में कार्रवाई: बता दें कि बीते दिनों कश्मीरी शॉल विक्रेता मारपीट मामले में भी पुलिस ने सख्त एक्शन लिया. मामले में जम्मू-कश्मीर के बारामूला सांसद इंजीनियर रशीद ने उत्तराखंड और हिमाचल में कश्मीरियों की सुरक्षा की मांग उठाई. साथ ही उन्होंने दोनों राज्यों को सीएम को पत्र लिखा था. जिसके बाद उधम सिंह नगर पुलिस ने हरकत में आते ही आरोपी को हिरासत में ले लिया.सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ा था.
पढ़ें- उत्तराखंड-हिमाचल में कश्मीरी शॉल बेचने वालों पर हमले, इंजीनियर रशीद ने की सुरक्षा की मांग

