फिरोजाबाद में FSDA की बड़ी कार्रवाई; ढाई लाख रुपये का मावा नष्ट कराया, दो के खिलाफ एफआईआर
सहायक खाद्य सुरक्षा आयुक्त चंदन पाण्डेय के मुताबिक, मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : August 26, 2026 at 8:20 PM IST
फिरोजाबाद : रक्षाबंधन पर्व पर मिलावटी और अधोमानक खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) की टीमों ने कार्रवाई की. टीम ने बुधवार को नगला महासुख क्षेत्र में छापेमारी कर कुल 9 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए. कार्रवाई के दौरान दो स्थानों से करीब एक हजार किलोग्राम मावा (अनुमानित कीमत करीब ढाई लाख रुपये) मौके पर नष्ट कराया गया. वहीं, दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है.
सहायक खाद्य सुरक्षा आयुक्त चंदन पाण्डेय के मुताबिक, रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत खाद्य विभाग की टीम रात करीब 12 बजे नगला महासुख पहुंची. टीम ने क्षेत्र में अलग-अलग परिसरों पर छापामार कार्रवाई की. कार्रवाई के दौरान पुलिस बल और राजस्व विभाग की टीम भी मौजूद रही.
सहायक खाद्य सुरक्षा आयुक्त के मुताबिक, मामले की जानकारी उपजिलाधिकारी सिरसागंज को दी गई. इसके बाद पुलिस बल और नायब तहसीलदार एनपी सिंह को टीम के साथ लगाया गया. पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में देर रात तक कार्रवाई जारी रही. टीम ने कप्तान सिंह निवासी नगला महासुख, सिरसागंज के परिसर में जांच की. यहां से घी, अपमिश्रक (घोल), खोया, मिश्रित दूध और एसएमपी पाउडर के छह नमूने लिए गए.
सहायक खाद्य सुरक्षा आयुक्त के मुताबिक, जांच के दौरान परिसर में करीब 600 किलोग्राम खोया मिला. विभाग के अनुसार, इसकी अनुमानित कीमत 250 रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से करीब 1.50 लाख रुपये थी. खाद्य विभाग ने नियमानुसार मौके पर ही पूरे खोये को नष्ट करा दिया. कप्तान सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है.
सहायक खाद्य सुरक्षा आयुक्त के मुताबिक, इसके बाद टीम ने धर्म सिंह निवासी नगला महासुख के परिसर की जांच की. टीम ने यहां से खोया और एसएमपी पाउडर के दो नमूने लिए. परिसर में करीब 400 किलोग्राम खोया पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई. खाद्य विभाग की टीम ने इस खोये को भी नियमानुसार मौके पर नष्ट करा दिया. धर्म सिंह के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कराई गई है.
टीम ने विक्रम सिंह निवासी नगला महासुख के परिसर की भी जांच की. टीम ने यहां से खोये का एक नमूना संग्रहित किया. इस तरह पूरी कार्रवाई में कुल नौ खाद्य नमूने लिए गए. विभाग के अनुसार, सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया की जा रही है. टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. तुलिका शर्मा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद वर्मा, संदीप कुमार, मनोज कुमार, यशपाल यादव और अरुण कुमार शामिल रहे. कार्रवाई के दौरान पुलिस बल और राजस्व विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे.
खाद्य पदार्थ खरीदते समय बरतें सावधानी : खाद्य सुरक्षा विभाग ने रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए आमजन से खाद्य पदार्थ खरीदते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है. विभाग ने कहा है कि मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थ प्रतिष्ठित एवं स्वच्छ प्रतिष्ठानों से ही खरीदें. पैक्ड खाद्य पदार्थ खरीदते समय निर्माण तिथि, उपयोग की अंतिम तिथि, बैच नंबर और एफएसएसएआई लाइसेंस या पंजीकरण की जानकारी जरूर देखें.

